खुशखबरी : हिसार व अंबाला एयरपोर्ट का जल्द होगा शुभारंभ

हरियाणा में जल्द ही हिसार व अंबाला एयरपोर्ट की शुरुआत होने वाली है। इसके बाद हिसार व अंबाला से भी यात्री देश के अन्य भागों में हवाई जहाज द्वारा यात्रा कर सकेंगे। हिसार एयरपोर्ट से जल्द ही चंडीगढ़ व अयोध्या के लिए फ्लाइट शुरू हो जाएंगी। इसके बाद अन्य शहरों के लिए भी फ्लाइट शुरू हो पाएंगी।
प्रदेश के शहरी स्थानीय निकायमंत्री विपुल गोयल ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि जल्द ही हिसार व अंबाला से फ्लाइट शुरू हो जाएंगी। प्रधानमंत्री जल्द ही इनका शुभारंभ करेंगे। इसके लिए सभी तैयारियां की जा रही हैं। गोयल ने कहा कि भाजपा सरकार ने बजट में अनेक बड़ी घोषणाएं की हैं। सभी वर्गों का पूरा ध्यान रखा गया है। उद्योगों के लिए अब हरियाणा एक बड़े हब के रुप में जाना जाएगा। उद्योगों के लिए एनओसी लेने की प्रक्रिया सरल की गई है। इसके लिए ऑनलाइन आवेदन पर कार्रवाई की जा रही है। इसके अलावा स्मार्ट सिटी और ग्रामीण विकास को प्राथमिकता दी जा रही है।
प्रधानमंत्री से लिया जा रहा समय
विपुल गोयल ने कहा कि हिसार व अंबाला का एयरपोर्ट पूरी तरह से तैयार हो चुके हैं। इनका उद्घाटन करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से समय लिया जा रहा है। जैसे ही उनसे समय मिलता है, तुरंत इन एयरपोर्ट का उद्घाटन करवा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि हिसार का एयरपोर्ट महाराजा अग्रसेन के नाम पर ही है।
चंडीगढ़ और अयोध्या के लिए पहली फ्लाइट
स्थानीय शहरी मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि हिसार एयरपोर्ट से पहली फ्लाइट चंडीगढ़ और अयोध्या के लिए शुरू की जाएगी। इसके बाद धीरे-धीरे जैसे ही यात्रियों की संख्या बढ़ेगी देश के अन्य शहरों के लिए भी यहां से फ्लाइट शुरू हो जाएंगी। उन्होंने यह भी कहा कि आने वाले दिनों में हिसार और सिरसा औद्योगिक हब के रुप में विकसित किए जाएंगे। इनके लिए बड़ी परियोजनाओं पर काम किया जा रहा है।