September 29, 2024

Delhi MCD Election : नगर निगम चुनाव में आप को बढ़त, भाजपा भी ज्यादा पीछे नहीं

नई दिल्ली ,07 दिसम्बर (इ खबरटुडे)। दिल्ली नगर निगम चुनाव की मतगणना जारी है। भारतीय जनता पार्टी और आम आदमी पार्टी में कांटे की टक्कर बनी हुई है। अब तक 111 सीटों के नतीजे आ चुके हैं, जिनमें से 58 सीटें आम आदमी पार्टी और भाजपा ने 48 सीटें जीती हैं। कांग्रेस भी चार सीट जीतने में कामयाब रही। एक सीट पर निर्दलीय उम्मीदवार ने जीत हासिल की है। अबुल फजल से कांग्रेस उम्मीदवार अरिबा खान ने जीत हासिल की है। उनके पिता आसिफ खान चुनाव के दौरान पुलिसकर्मियों से बदसलूकी के आरोप में जेल में बंद हैं। कांग्रेस ने दूसरी सीट जाकिर नगर भी अपने हिस्से में कर ली है।

रुझानों में आम आदमी पार्टी बहुमत का आंकड़ा छू चुकी है। 130 सीटों पर आप ने बढ़त बनाई हुई है। वहीं, दूसरे नंबर पर भाजपा है, जो कि 104 सीटों पर आगे चल रही है। भाजपा ने शुरुआती रुझानों में दो बार बहुमत का आंकड़ा छुआ था, उसके बाद दोनों बार बहुमत के आंकड़े से नीचे आ गईं. वहीं, आम आदमी पार्टी ने एक बार बहुमत का आंकड़ा छुआ था। दिल्ली में एमसीडी के लिए 4 दिसंबर वोट डाले गए थे, जिसमें 50.48 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था।

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने कहा, हमने आम आदमी पार्टी के भ्रष्टाचार का मुद्दा उठाया, उसे जनता ने समझा। हम नगर निगम में चौथी बार मेयर बनाएंगे। जिस तरह के रुझान हैं, नगर निगम चुनाव में भाजपा पूर्ण बहुमत पाएगी।

दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) में 250 वार्ड हैं और इस चुनाव में 1,349 उम्मीदवार मैदान में हैं। नगर निगम चुनाव में आम आदमी पार्टी, बीजेपी और कांग्रेस के बीच त्रिकोणीय मुकाबला देखा गया। आम आदमी पार्टी ने दिल्ली नगर निगम चुनाव में कुल 250 सीटों में से 180 से अधिक सीटें जीतने का भरोसा जताया है।

‘AAP’ के मुख्य प्रवक्ता सौरभ भारद्वाज ने कहा, रुझान बदलेगा और हम 180 से अधिक सीटों पर विजयी होंगे। हमने अपने कार्यालय को सजा लिया है और जैसे ही रुझान बदलेंगे, हम जश्न मनाएंगे। भाजपा चुनाव प्रचार के दौरान एमसीडी में अपने 15 साल के कार्यकाल में कोई भी उपलब्धि नहीं गिना पाई है

अधिकांश चुनाव पूर्व सर्वेक्षणों में भाजपा पर ‘आप’ की बड़ी जीत और कांग्रेस के तीसरे स्थान पर रहने का पूर्वानुमान जताया गया है। वहीं, दिल्ली भाजपा के उपाध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि यह कड़ा मुकाबला होने जा रहा है। उन्होंने कहा, हम चुनाव पूर्व सर्वेक्षणों को गलत साबित करेंगे और भाजपा एमसीडी में लगातार चौथी बार सत्ता में आएगी।

You may have missed

Here can be your custom HTML or Shortcode

This will close in 20 seconds