रतलाम

बलवन्त भाटी भाजयुमो के जिलाध्यक्ष नियुक्त

भाजपा की गुटीय राजनीति में नए समीकरण बनने के संकेतbalwantbhati

रतलाम,1 अप्रैल(इ खबरटुडे)। भाजपा के युवा नेता बलवन्त भाटी को भाजयुमो का जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष अमरदीप मौर्य ने बुधवार को श्री भाटी को नियुक्ति पत्र सौंपा। भाजयुमो में फिलहाल सिर्फ रतलाम जिले में परिवर्तन किया गया है।
अधिकारिक जानकारी के अनुसार,युवा मोर्चा के पूर्व जिलाध्यक्ष अशोक पोरवाल के निगम अध्यक्ष बनने के बाद नए जिलाध्यक्ष की नियुक्ति की जाना थी। प्रदेशाध्यक्ष अमरदीप मौर्य ने बलवन्त भाटी को रतलाम का जिलाध्यक्ष नियुक्त किया है। जिलाध्यक्ष पद पर भाटी की नियुक्ति भाजपा की आतंरिक राजनीति में बडे फेरबदल का भी संकेत है। श्री भाटी आरएसएस की पृष्ठभूमि के युवा नेता है। वे पिछली बार भी जिलाध्यक्ष पद के प्रबल दावेदार थे,लेकिन उस समय अशोक पोरवाल को अध्यक्ष बना दिया गया था। हांलाकि पोरवाल की नियुक्ति विवादों में घिरी रही थी।
युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष श्री भाटी विभिन्न खेल संगठनों से जुडे रहे हैं। वे कुश्ती में राष्ट्रीय स्तर पर पदक प्राप्त कर चुके है और लम्बे समय से भाजपा में सक्रिय है। युवामोर्चा जिलाध्यक्ष के पद पर श्री भाटी की नियुक्ति से भाजपा के युवा कार्यकर्ताओं में हर्ष है।
युवा मोर्चा सूत्रों ने बताया कि जिलाध्यक्ष नियुक्त होने के बाद श्री भाटी शाम सात बजे रतलाम पंहुच रहे है। उनके रतलाम पंहुचने पर महू रोड चौराहे पर उनका भव्य स्वागत किया जाएगा और स्वागत रैली भी निकाली जाएगी।

Back to top button