mainखबरे जिलों सेब्रेकिंग न्यूज़रतलाम

Kidnapping : ढोढर भाजपा के युवा नेता विवेक पोरवाल के अपहरण की खबर से सनसनी; दिनदहाड़े घर के सामने से ले गए अज्ञात लोग……

रतलाम,3 फरवरी (इ खबरटुडे)। ढोढर निवासी भाजपा के युवा नेता विवेक पोरवाल का दिनदहाडे घर के सामने से अपहरण किए जाने की खबर ने पूरे जिले में सनसनी फैला दी। बिना नम्बर की गाडी में आए कुछ अज्ञात लोग विवेक पोरवाल को घर के बाहर से उठा कर ले गए। हांलाकि बाद में अपहरण की खबर झूठी निकली। उल्लेखनीय है कि विवेक पोरवाल भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष स्व.प्रहलाद पोरवाल के पुत्र है।

दोपहर करीब डेढ बजे विवेक पोरवाल ढोढर स्थित अपने घर के बाहर धूप में खडे थे कि अचानक बिना नम्बर की एक अर्टिगा कार में सवार कुछ लोग वहां पंहुचे और उन्होने विवेक से हाथ मिलाया। हाथ मिलाने के बाद उन लोगों ने विवेक को जबर्दस्ती कार में बैठा लिया और कार वहां से रवाना हो गई।

विवेक के अपहरण की खबर पूरे जिले में आग की तरह फैली। जावरा के भाजपा नेताओं को जब यह सूचना मिली कि विवेक को कुछ अज्ञात लोग अपने साथ ले गए है,तो उन्होने सम्बन्धित पुलिस थाने से सम्पर्क किया। शुरुआत में यह पता नहीं चल पाया कि विवेक का अपहरण करने वाले कौन थे। लेकिन पुलिस ने जैसे ही प्रयास शुरु किए जल्दी ही सचाई सामने आ गई। पता चला कि यह अपहरण की वारदात नहीं है,बल्कि विवेक को एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में पुलिस द्वारा हिरासत में लिया गया है।

ढोढर पुलिस के अधिकारिक सूत्रों के मुताबिक विवेक पोरवाल को ग्वालियर पुलिस का दल अपने साथ ले गया है। इस बात की सूचना भी ग्वालियर पुलिस के दल द्वारा स्थानीय पुलिस को दी जा चुकी है। बताया जाता है कि ग्वालियर में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के एक प्रकरण में पुलिस को विवेक की तलाश थी और उसी प्रकरण में विवेक पोरवाल को ग्वालियर पुलिस अपने साथ ले गई है।

Back to top button