February 13, 2025

Farmer Protest : आज दिल्‍ली कूच करेंगे किसान, जाम के डर से स्‍कूल हुए ऑनलाइन, जगह-जगह बैरिकेडिंग, एडवाइजरी जारी

kisan

नई दिल्ली,02 दिसंबर (इ खबर टुडे)। संयुक्त किसान मोर्चा ने दिल्ली कूच का एलान कर दिया है। आज सोमवार को नोएडा की ओर से किसान दिल्ली कूच कर रहे हैं। जिसके चलते नोएडा ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी कर दी है तो वहीं दिल्ली-नोएडा बॉर्डर पर सख्ती बढ़ा दी है। महामाया फ्लाईओवर के पास दोपहर 12 बजे से जुटेंगे।

संयुक्त किसान मोर्चा ने सोमवार को दिल्ली कूच का एलान किया है। किसान दिल्ली कूच से पहले महामाया फ्लाईओवर के पास दोपहर 12 बजे से जुटना शुरू होंगे। किसान ट्रैक्टर भी लाएंगे। पुलिस की कोशिश किसानों को रोकने की होगी। ऐसे में एक्सप्रेस-वे, महामाया फ्लाईओवर के आस-पास व डीएनडी, चिल्ला बॉर्डर के रास्तों से आवागमन आसान नहीं रहने वाला है। पिछली बार भी किसान जब दिल्ली कूच के लिए जुटे थे तब काफीदेर तक यहां आस-पास की ट्रैफिक व्यवस्था कई घंटे पटरी से उतरी रही थी। ट्रैफिक पुलिस ने किसानों के दिल्ली कूच को लेकर डायवर्जन प्लान तैयार किया है। अधिकारियों ने बताया कि जरूरत के हिसाब से डायवर्जन प्रभावी किया जाएगा।

चिल्ला बॉर्डर पर लगी गाड़ियों की लंबी कतार
किसानों के आज से दिल्ली की ओर मार्च शुरू होने की वजह से दिल्ली नोएडा के बीच चिल्ला बॉर्डर पर यातायात जाम देखा गया। सुबह लोग घरों से ऑफिस के लिए निकले हैं। जिसके बाद सख्त पहरे के बीच ट्रैफिक की रफ्तार धीमी है।

किसानों के दिल्ली कूच करने के दौरान सड़कों पर लगने वाले जाम से छात्रों को परेशानी न हो। इसके लिए नोएडा, ग्रेटर नोएडा वेस्ट के कई स्कूलों ने सोमवार को ऑनलाइन क्लास संचालित करने का निर्णय लिया है। नोएडा के एमिटी,डीपीएस 30, डीपीएस 122, ग्रेटर नोएडा वेस्ट का डीपीएस,स्पर्श ग्लोबल स्कूल सहित कई स्कूल आज ऑनलाइन संचालित हो रहे हैं। छात्रों को जाम में फंसने के दौरान कोई परेशानी न हो इसको देखते हुए स्कूल प्रबंधन ने स्वत ऑनलाइन क्लास चलाने का निर्णय लिया है। जिला विद्यालय निरीक्षक डॉक्टर धर्मवीर सिंह ने बताया कि विभाग की ओर से ऑनलाइन क्लास चलाने का निर्देश नहीं दिया गया है। स्कूलों की ओर से स्वयं ऑनलाइन क्लास चलाने का निर्णय लिया गया है। प्रदूषण को देखते हुए पहले ही हाइब्रिड मोड में क्लास चलाने के निर्देश दिए जा चुके हैं।

किसान मोर्चा के बैनर तले किसान नोएडा, ग्रेटर नोएडा व यमुना क्षेत्र के गांव से आएंगे। दोपहर 12 बजे का समय किसानों ने महामाया फ्लाईओवर के पास पहुंचने के लिए तय किया है। किसान बड़ी संख्या में ट्रैक्टर ट्राली लेकर यहां पर पहुंचेंगे। इस वजह से एक्सप्रेस-वे पर भी जाम रह सकता है। कानून-व्यवस्था को देखते हुए पुलिस किसानों के गुटों को अलग-अलग रोकने की योजना बना सकती है इसलिए अन्य सड़कों पर भी जाम की स्थिति रहने का अंदेशा है।

You may have missed