रतलाम:कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान को भावभीनी विदाई दी गई

रतलाम,21 अगस्त(इ खबरटुडे)। कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान को स्थानांतरण पर भावभीनी विदाई दी गई। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित विदाई समारोह में उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों ने कलेक्टर श्रीमती चौहान के सहज, सरल स्वभाव के साथ परिणामदायक कार्यकुशलता की सराहना अपने उद्बोधन में करते हुए उनके सुखद भावी जीवन की कामना की।
इस दौरान अपर कलेक्टर श्रीमती जमुना भिड़े, एसडीएम सुश्री शिराली जैन, डिप्टी कलेक्टर सुश्री मनीषा वास्कले, तहसीलदार गोपाल सोनी तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित थे।
इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्रीमती जमुना भिड़े ने अपने उद्बोधन में कहा कि कलेक्टर श्रीमती चौहान द्वारा जिले को अपने कुशल नेतृत्व से प्रगति के पथ पर अग्रसर किया गया। कोरोना संक्रमण के दौर में कलेक्टर द्वारा बड़ी मेहनत और कार्यकुशलता के साथ आमजन के हित में कार्य किया गया जिससे विकट स्थिति को रोकने में प्रशासन सफल रहा है। कलेक्टर श्रीमती चौहान ने दुरूह स्थितियों में अत्यंत सहजता के साथ काम करते हुए अपनी कार्यकुशलता एवं नेतृत्व क्षमता का परिचय दिया जो सदैव स्मरणीय रहेगा।
निगमायुक्त सोमनाथ झारिया ने भी अपने उद्बोधन में कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान के नेतृत्व में नगर निगम द्वारा रतलाम शहर में अर्जित की गई उल्लेखनीय उपलब्धियों का जिक्र किया। उन्होंने कई योजनाओं के क्रियान्वयन तथा प्रोजेक्ट के बारे में विस्तार से जानकारी दी जिनमें कलेक्टर द्वारा व्यक्तिगत रुचि से कार्य करते हुए रतलाम शहर में आम जनता के लिए सहूलियत और सुविधाएं उपलब्ध कराई गई है।
अधीक्षण यंत्री विद्युत एल.के. सोनेजी, खाद्य आपूर्ति अधिकारी विवेक सक्सेना, उपसंचालक कृषि जी.एस. मोहनिया, सीएमएचओ डा. प्रभाकर ननावरे, जिला योजना अधिकारी बी.के. पाटीदार, सहायक आयुक्त जनजाति कार्य विभाग आर.एस. परिहार, जिला शिक्षा अधिकारी के.सी. शर्मा, सहायक संचालक महिला बाल विकास सुश्री अंकिता पंड्या, कलेक्ट्रेट के अधीक्षक संजय जपथापी, वरिष्ठ सहायक वर्ग 1 रमाकांत उपाध्याय ने भी अपने उद्बोधन में कलेक्टर श्रीमती चौहान के कार्य व्यवहार की सराहना करते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।
कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने अपने उद्बोधन में कहा कि जिले में जो उल्लेखनीय कार्य उनके कार्यकाल में हुए हैं उसका श्रेय जिले की पूरी टीम को जाता है। जिले में अधिकारियों, कर्मचारियों की अच्छी टीम है जो सकारात्मकता रखते हुए कार्यकुशल होने के साथ जनहित में संवेदनशीलता के साथ कार्य करने में सक्षम है।
उन्होंने कहा कि कोरोना कॉल में जिले की प्रशासकीय मशीनरी द्वारा दिन-रात सक्षमता के साथ काम किया जा रहा है जो अत्यंत उल्लेखनीय है। जिले में विकास के कार्यों को भी विभागों द्वारा गति के साथ अंजाम दिया जा रहा है। उन्होंने जिले के विभिन्न विभागों का जिक्र करते हुए अधिकारियों की कार्यप्रणाली की प्रशंसा की, साथ ही अपनी ओर से और बेहतरी के लिए सुझाव भी अधिकारियों को दिए।
इसके साथ ही कलेक्टर श्रीमती चौहान ने अपने कार्यकाल में अधिकारियों, कर्मचारियों के सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया। इसके पूर्व अधिकारियों, कर्मचारियों द्वारा कलेक्टर श्रीमती चौहान का पुष्पगुच्छ से आत्मीय स्वागत, अभिनंदन किया गया।