February 1, 2025

भगवान भरोसे चल रहा है जिले का निर्वाचन कार्य

election

घण्टो बीतने के बाद भी फार्म भरने वालों की जानकारी नहीं,कलेक्टर भी जानकारी देने में असमर्थ
रतलाम,8 नवंबर (इ खबरटुडे)। निर्वाचन आयोग द्वारा स्पष्ट निर्देश दिए गए है कि निर्वाचन प्रक्रिया के सम्बन्ध में मीडीया को प्रत्येक जानकारी मुहैया कराई जाए। लेकिन रतलाम जिले की हालत बेहद खराब है। जिले का निर्वाचन कार्य भगवान भरोसे ही चल रहा है। नामांकन दाखिल किए जाने का अंतिम समय समाप्त होने के तीन घण्टे बाद भी निर्वाचन कार्यालय पर यह जानकारी उपलब्ध नहीं है कि जिले में कुल कितने नामांकन दाखिल हुए। निर्वाचन कार्यालय में जानकारी देने के लिए कोई जिम्मेदार अधिकारी या कर्मचारी तक उपलब्ध नहीं है।
उल्लेखनीय है कि शुक्रवार ८ नवंबर को दोपहर तीन बजे तक नामांकन दाखिल करने का अंतिम समय था। अंतिम समय समाप्त होने के तीन घण्टे गुजरने के बाद भी जिले में कुल कितने फार्म भरे गए इसकी जानकारी देने वाला कोई जिम्मेदार अधिकारी उपलब्ध नहीं है। इ खबरटुडे ने जब नामांकनों के सम्बन्ध में जनसम्पर्क विभाग से सम्पर्क किया तो जनसम्पर्क विभाग का कहना था कि निर्वाचन कार्यालय ने अब तक जानकारी नहीं दी है। पूरी जानकारी रात नौ बजे तक मिल पाएगी। इसके बाद इ खबरटुडे ने उप जिला निर्वाचन अधिकारी विनय धोका से उनके मोबाइल पर सम्पर्क करने का प्रयास किया। लेकिन श्री धोका का मोबाइल ही बन्द था। इसके बाद जब इ खबर टुडे ने जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर राजीव दुबे से इस सम्बन्ध में जानकारी लेने की कोशिश की तो उनका कहना था कि यह काम जनसम्पर्क विभाग का है। बहरहाल निर्वाचन कार्यालय अंतिम समय गुजरने के घण्टों बाद भी मीडीया को जानकारी देने में असमर्थ है।

You may have missed