रतलाम

पानी को लेकर भाई ने की भाई की हत्या

ट्यूबवेल के पानी को लेकर हुआ था विवाद
आलोट(रतलाम),30 नवंबर (इ खबरटुडे)। आलोट से करीब बारह किमी दूर स्थित ग्राम दयालपुरा में आज तडके एक व्यक्ति ने पानी के विवाद को लेकर अपने दो भाईयों की हत्या कर दी। एक की मृत्यु घटनास्थल पर हो गई,जबकि दूसरे ने अस्पताल में दम तोडा। हत्या के बाद आरोपी व्यक्ति अपने पुत्र के साथ फरार हो गया। आलोट पुलिस आरोपियों को तलाश रही है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार ग्राम दयाल पुरा निवासी मदनसिंह के तीन पुत्रों कालूसिंह,दुलेसिंह और नवल सिंह की संयुक्त खेती है। इन तीनों भाईयों के खेतों में एक ट्यूबवेल है,जो इनके पिता मदनसिंह के नाम पर है। तीनो भाई इस ट्यूबवेल से बारी बारी अपनी फसलों की सिंचाई करते है। आज सुबह करीब साढे सात बजे ट्यूबवेल से खेतों में पानी देने की बात को लेकर कालूसिंह का अपने दोनो भाईयों दुलेसिंह और नवल सिंह से विवाद हुआ। देखते ही देखते विवाद बढ गया और आरोपी कालूसिंह ५० व उसके पुत्र मेहरबान सिंह २२ ने दुलेसिंह और नवलसिंह पर लाठी व अन्य हथियारों से हमला बोल दिया। इस हमले में दुलेसिंह की घटनास्थल पर ही मौत हो गई,जबकि नवलसिंह को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया। नवलसिंह की उपचार के दौरान मौत हो गई। आलोट पुलिस ने दोनो आरोपियों के विरुध्द हत्या का प्रकरण दर्ज कर खोजबीन प्रारंभ कर दी है।

Back to top button