October 13, 2024

Omicron variant: दिल्ली में मिला एक और मरीज, मुंबई में आज से दो दिनों के लिए धारा 144

मुंबई,11दिसंबर(इ खबर टुडे)। महाराष्ट्र में शुक्रवार को साढ़े तीन साल की बच्ची सहित ओमिक्रॉन के सात नए मामले सामने आए हैं। इनमें तीन मामले मुंबई में सामने आए हैं, जिनकी क्रमशः तंजानिया, यूके और दक्षिण अफ्रीका-नैरोबी की ट्रैवल हिस्ट्री है. यह सभी 48, 25 और 37 वर्ष की आयु के पुरुष हैं। इन नए मामलों के साथ ही मुंबई में ओमिक्रॉन रोगियों की संख्या पांच हो गई है। अब महाराष्ट्र में मरीजों की संख्या 17 हो गई है, जबकि देश में अब तक 32 मामले सामने आ चुके हैं।

शुक्रवार देर रात महाराष्ट्र के स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि राज्य में ओमिक्रोन के सात और नए मामले मिले हैं। इनमें मुंबई में तीन और पुणे के पिंपरी-चिंचवाड़ नगर निगम क्षेत्र में चार मामले शामिल हैं, जिनमें साढ़े तीन साल की एक बच्ची भी है। ये सभी लोग ब्रिटेन और अफ्रीकी देशों से हाल ही में लौटे थे। सात में चार मरीज पूरी तरह से टीका लगवा चुके थे। इससे पहले महाराष्ट्र में 10, राजस्थान में नौ, गुजरात में तीन, कर्नाटक में दो और दिल्ली में ओमिक्रोन का एक मामला सामने आया था।

मुंबई में पुलिस ने बड़ी सभाओं पर दो दिन का प्रतिबंध लगाने का आदेश दिया है। एक अधिकारी ने पीटीआई-भाषा को बताया कि मुंबई शहर में यह प्रतिबंध लगाए गए हैं, जिसके तहत अगले दो दिनों के लिए सभी तरह की लोगों और वाहनों की रैलियों और विरोध मार्चों पर पूरी तरह से रोक लगा दी गई है।

You may have missed