October 12, 2024

Double Murder : मानसिक रुप से अस्वस्थ व्यक्ति ने अपने ही दो बच्चों को जहर देकर मारा,पत्नी पर चाकू से किया जानलेवा हमला

रतलाम,13 मार्च (इ खबरटुडे)। जिले के जावरा में एक दिल दहलाने वाला वाकया सामने आया है। जावरा के हुसैन टेकरी पर इलाज के लिए लाए गए मानसिक रुप से अस्वस्थ एक व्यक्ति ने अपने ही दो बच्चों को जहर देकर मार दिया और पत्नी पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, सुबह के समय हुसैन टेकरी पुलिस चौकी पर सूचना मिली थी कि एक महिला घायल है और दो बच्चे अचेत अवस्था में पड़े हुए हैं। इस सूचना के बाद पुलिस में हड़कंप मच गया और पुलिस तुरंत ही मौके पर पहुंची और घायल महिला और दोनों बच्चों को जावरा के सिविल अस्पताल लाया गया। यहां डॉक्टर ने दोनों बच्चों को मृत घोषित कर दिया गया है। मृत बच्चों में आदित्य 16 वर्ष और पुत्री राखी 13 वर्ष है। इन दोनों को जहर दिया गया था। उनकी माँ अनिता गंभीर रूप से घायल है। घायल महिला अनीता ने पुलिस को जो बताया उसे सुनकर सभी सन्न रह गए।

गंभीर रूप से घायल अनीता ने बताया कि उस पर चाकू से जानलेवा हमला उसके पति दिनेश चव्हाण ने ही किया था। अनीता ने बताया कि दिनेश मानसिक रूप से अस्वस्थ था और उसके इलाज के लिए अनीता ही उसे 8 मार्च को इंदौर से जावरा लेकर आई थी। बीती रात अचानक दिनेश ने ये कांड कर दिया। उसने अपने पुत्र आदित्य 16 और पुत्री राखी 13 को जहर दे दिया और अनीता पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। इसके बाद दिनेश वहा से भाग निकला।

एएसपी सुनील पाटीदार ने बताया घायल महिला को उपचार के लिए रतलाम जिला चिकित्सालय रेफर किया गया है। दोनों मृत बच्चो के शव को पोस्ट मार्टम के लिए भेज दिया गया है। पीएम रिपोर्ट आने पर ही स्पष्ट हो सकेगा कि वास्तव में बच्चो की मौत कैसे हुई होगी। श्री पाटीदार के मुताबिक घटना सुबह करीब तीन से चार बजे के बीच की हो सकती है। पुलिस आरोपी को तलाश कर रही है।

आरोपी युवक दिनेश की मां केसरबाई को सुबह घायल बहू अनिता ने सूचना दी कि दिनेश ने उसे चाकू मार दिया है। इसके बाद केसरबाई बेटे महेश और पुत्री दुर्गा के साथ इंदौर से सुबह करीब 11 बजे जावरा पहुंचे और बहू को अस्पताल में भर्ती कराया। केसरबाई ने बताया दिनेश का स्वास्थ्य ठीक नहीं रहने से साल में एकाध बार वे हुसैन टेकरी आते ही थे। मंगलवार को भी ये पति-पत्नी और बेटा-बेटी के साथ आए थे। दिनेश उनका बड़ा लड़का है। वे इंदौर के खजराना क्षेत्र में रहते है।

You may have missed