mainखबरे जिलों सेब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशरतलाम

समाजवादी नेता डॉ.सुनीलम ने कहा,सुप्रीम कोर्ट सही ठहराये तब भी करेंगे नागरिकता कानून का विरोध

रतलाम,5 फरवरी (इ खबर टुडे)। समाजवादी नेता और पूर्व विधायक डॉ सुनीलम ने आज यहां कहा कि यदि सुप्रीम कोर्ट सीएए को संवैधानिक भी घोषित कर देता है,तब भी इसका विरोध जारी रहेगा। नागरिकता कानून असंवैधानिक है और इसका विरोध करने का अधिकार भी संविधान ने ही दिया है।
डॉ. सुनीलम,भारत जोडो-संविधान बचाओ,समाजवादी विचार यात्रा के साथ रतलाम पंहुचने पर प्रेस से चर्चा कर रहे थे। समाजवादी विचार यात्रा सीएए एनआरसी को रद्द करने और अन्य अनेक मांगों को लेकर 30 जनवरी से प्रारंभ की गई है। प्रथम चरण में यह यात्रा 23 मार्च तक चलेगी। यात्रा का द्वितीय चरण 11 अप्रैल से 17 मई तक और तीसरा और अंतिम चरण 11 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक चलेगा।
डॉ सुनीलम ने बताया कि इस यात्रा को स्वतंत्रता आन्दोलन,समाजवादी आन्दोलन और संवैधानिक मूल्यों की पुनस्र्थापना चाहने वाले सभी वर्गो का सहयोग प्राप्त है। समाजवादी विचार यात्रा में अनेक समाजवादी संगठन सक्रिय रुप से जुडे हुए है। समाजवादी विचार यात्रा केन्द्र सरकार की नीतियों के खिलाफ पूरे देश में जनजागरण करेगी। यात्रा का शुभारंभ महात्मा गांधी की स्मृति में 30 जनवरी को बापू के समाधि स्थल पर श्रध्दांजलि अर्पित कर प्रारंभ की गई। दिल्ली से हरियाणा और राजस्थान होते हुए इस यात्रा ने अब मध्यप्रदेश में प्रवेश किया है।
डॉ.सुनीलम की समाजवादी विचार यात्रा के प्रति अपना समर्थन व्यक्त करने के लिए सैलाना के कांग्रेस विधायक गुड्डू गेहलोत और कांग्रेस नेता पारस सकलेचा भी प्रेस वार्ता में मौजूद थे। प्रेस वार्ता को पारस सकलेचा ने भी संबोधित किया और केन्द्र सरकार को आडे हाथों लिया।

               
Whatsapp Group
        
Whatsapp Channel
Back to top button