May 3, 2024

पटाखा फैक्ट्री संचालक गिरफ्तार

बड़नगर में पुलिस बल तैनात-छाया मातम

उज्जैन 4 मई(इ खबरटुडे)। बड़नगर स्थित पटाखा फैक्ट्री में हुए ब्लास्ट में 16 लोगों की मौत और 4 लोगों के गंभीर घायल होने के मामले में पुलिस ने पटाखा फैक्ट्री संचालक अकबर अली व युसुफ के खिलाफ धारा 304 ए व बाल संरक्षण अधिनियम सहित अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं बड़नगर में बड़ी संख्या में पुलिस बल भी सुरक्षा के लिए तैनात किया गया है।
खौबदरवाजा स्थित पटाखा फैक्ट्री में हुए इस ब्लास्ट से यह तो स्पष्ट हो गया है कि इसके लिए कहीं न कहीं जिला प्रशासन के वे अधिकारी भी जिम्मेदार हैं जिन्होंने ऐसी खतरनाक फैक्ट्रियों पर निगरानी रखनी चाहिए। अगर यहाँ के सुरक्षा इंतजामों को लेकर प्रशासन सक्रिय होता तो यह हादसा नहीं होता। बताया जाता है कि बड़नगर पुलिस ने फैक्ट्री संचालक अकबर अली व युसुफ के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

लायसेंस है युसुफ के नाम

बताया जाता है कि फैक्ट्री संचालक अकबर अली है लेकिन लायसेंस उसके परिवार के किसी युसुफ नाम के व्यक्ति का है। इसलिए पुलिस ने दोनों के खिलाफ कार्रवाई शुरु कर दी है। संभवत: उक्त फैक्ट्री को सील किया जा सकता है।

पुलिस बल तैनात

बड़ी संख्या में हुई मौतों के बाद पुलिस और प्रशासन सक्रिय हो गया है। पुलिस ने बड़नगर के संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस बल तैनात कर दिया है। बताया जाता है कि वर्ग विशेष समुदाय के लोग इस हादसे में मारे गए हैं।

10-10 हजार की सहायता दी

वैसे तो मृतकाें के परिजनों को मुख्यमंत्री सहायता कोष से डेढ़-डेढ़ लाख रुपए व घायलों को 50-50 हजार रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की गई है। कलेक्टर बी.एम. शर्मा बडनगर पहुँचे और मृतकों के परिजनों को 10-10 हजार रुपए की सहायता राशि तत्काल प्रदान की गई।

घटना की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश

घटना को लेकर जिला दंडाधिकारी बी.एम. शर्मा ने शनिवार देर शाम मजिस्ट्रियल जाँच के आदेश दिए हैं। जल्द ही इसकी मजिस्ट्रियल जाँच की जाएगी। इधर देर शाम प्रदेश के गृह मंत्री बाबूलाल गौर ने मीडिया से चर्चा में कहा है कि जाँच के लिए उन्होंने आईजी स्तर के एक अधिकारी को पुलिस मुख्यालय से घटना स्थल पर भेजा है।

You may have missed

Here can be your custom HTML or Shortcode

This will close in 20 seconds