May 2, 2024

मतदान के चार दिन शेष, सियासी जंग तेज

 अनिल शास्त्री का भाजपा पर, अनंत कुमार-शिवराज का कांग्रेस पर हमला

उज्जैन,20 अप्रैल (इ खबरटुडे)। म.प्र. की 29 में से 10 मतदान से शेष बची लोकसभा सीटों पर सियासी जंग तेज हो गई है। उज्जैन-आलोट संसदीय क्षेत्र कांग्रेस और भाजपा के लिये महत्वपूर्ण सीट बन पड़ी है। इसी के चलते मतदान के चार दिन शेष हैं और सियासी जंग तेज हो गई है। इसी के तहत कांग्रेस और भाजपा की ओर से एक-दूसरे पर लगातार हमले तेज कर दिये गये हैं।
उज्जैन संसदीय क्षेत्र में 24 अप्रैल को मतदान होना है। उसके पूर्व शनिवार को कांग्रेस की ओर से पूर्व केन्द्रीय मंत्री और कांग्रेस कार्य समिति के विशेष आमंत्रित सदस्य अनिल शास्त्री, कांग्रेस प्रत्याशी प्रेमचंद गुड्डू के समर्थन में प्रचार के लिये उज्जैन आये थे। यहां उन्होंने भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेन्द्र मोदी पर जुबानी हमला किया है। शाम भाजपा के राष्ट्रीय सचिव एवं प्रदेश प्रभारी अनंतकुमार ने उज्जैन में कांग्रेस पर निशाना साधा है। रात में मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने आम सभा में कांग्रेस और उसके दस साला प्रधानमंत्री को कटघरे में खड़ा किया है।
मनमोहन को देख पिंजरे के पंछी रे याद आया : चौहान
लोकसभा चुनाव 2014 के तहत महती आमसभा को मालीपुरा में संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने कहा कि प्राकृतिक आपदा के बाद पहले तो प्रधानमंत्री मिलने को तैयार नहीं हुए। बाद में मीडिया के दबाव में मिले तो उन्होंने मजबूरी गिना दी। उन्हें देखकर पिंजरे के पंछी रे… तेरा दरद न जाने कोई… याद आ गया। श्री चौहान ने कहा कि मेडम खुद प्रधानमंत्री नहीं बनी। उन्होंने मंत्री बनाये। अब मंत्री प्रधानमंत्री की क्यों सुनेंगे। मेडम सुपर पावर बनी। घोटाला हुआ ए. राजा जेल में। रिमोट कंट्रोल से सरकार चली। पूरे समय प्रधानमंत्री मनमोहनसिंह पिंजरे में कैद नजर आये। श्री चौहान ने कहा कि कांग्रेस की बारात बगैर दुल्हे की नजर आ रही है। घोड़ी तैयार है बाराती तैयार हैं। दुल्हे का इंतजार है। प्रदेश के विकास में केन्द्र सरकार ने पक्षपात की स्थिति की। सभा को भाजपा के प्रदेश प्रभारी अनंतकुमार ने भी संबोधित किया।

काजी वासिन उस्मानी भाजपा में शामिल

आमसभा के दौरान काजी वासिन उस्मानी ने अपने सहयोगियों के साथ भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। वे अपने साथियों के साथ भाजपा में शामिल हुए।

कांग्रेस नेता थूको और भागो पर काम कर रहे हैं : अनंतकुमार

भाजपा के प्रदेश प्रभारी और राष्ट्रीय महासचिव अनंतकुमार ने पत्रकार वार्ता में एक सवाल के जवाब में कहा कि पूरी कांग्रेस और उसके नेता थूको और भागो पर काम कर रहे हैं। इससे पूर्व उन्होंने कहा केन्द्र की सरकार और कांग्रेस देश की बदलती राजनीतिक परिस्थिति को समझ नहीं पा रही है। पिछले 10 वर्षों में जन आंकाक्षा एवं उम्मीदों के कारण आज के समय में दो बिन्दुओं पर राजनीति आ टिकी है। सुशासन और विकास की राजनीति आने वाले दिनों में कायम होने वाली है। वोट बैंक, लालच की राजनीति, लोगों की आंखों में धूल झोंकना, डर्टी ट्रिक्स चलने वाली राजनीति कांग्रेस कर रही है। अब उन्हें बुरी तरह हार का मुंह देखना पड़ेगा। 10 वर्षों में आर्थिक संकट सुरक्षा का संकट खड़ा कर दिया। भारत की जनता हर इलाके और क्षेत्र में इन्हें नकार रही है। म.प्र., गुजरात, राजस्थान, गोवा में सभी सीट जीतने की हमारी संभावना है। अन्य तीन प्रदेश उत्तर प्रदेश में 80 में से 50, बिहार में 20 से अधिक, कर्नाटक में 20 से अधिक सीटों की संभावना है। देश का आंकलन किया जाये तो 66 वर्षों में पहली बार कांग्रेस 100 से कम सीट प्राप्त करेगी। जनआकांक्षा और कांग्रेस के बीच गहरी खाई बन गई है। जनता जो चाहती है वह कांग्रेस के पास नहीं है। कई प्रदेशों में कांग्रेस प्रत्याशी लोकसभा चुनाव, निकाय चुनाव के मुद्दों पर लड़ रहे हैं। कांग्रेस प्रत्याशी राष्ट्रीय मुद्दों से बचते फिर रहे हैं। उन्होंने सवालों के जवाब देते हुए कहा कि 10 सीटों पर मतदान के पूर्व कसावट के लिये वे मैदान में आ गये हैं। प्रदेश में सभी 29 सीटें जीतने का प्रयास है। एक अन्य सवाल के जवाब में उनका कहना था कांग्रेस के केम्पनिंग में मनमोहनसिंह कहां हैं, न बयान ही हैं। ये वही बात है कि मुख्य आरोपी फरार है। भाजपा के सभी नेता मैदान में हैं। नरेन्द्र मोदी 380 रैली कर चुके हैं। उज्जैन-आलोट संसदीय क्षेत्र के प्रत्याशी चिंतामणि मालवीय शानदार तरीके से जीतेंगे। भाजपा राष्ट्र हित के मुद्दे पर लड़ रही है। पिछले 10 सालों में माँ-बेटे ने देश को लूटा। अब दामाद जीवित हो गये हैं। भाजपा के आने पर आधार कार्ड को लेकर किये गये सवाल का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि आधार कार्ड निराधार है। उच्चतम न्यायालय का निर्णय आ चुका है। अमेरिका यूरोप में इसे खारिज किया जा चुका है।

मोदी की विचारधारा गोड़से की : शास्त्री

पूर्व केन्द्रीय मंत्री और कांग्रेस कार्य समिति के विशेष आमंत्रित सदस्य अनिल शास्त्री ने पत्रकार वार्ता में सवालों का जवाब देते हुए कहा कि राहुल गांधी की तुलना मोदी से वे नहीं करना चाहते हैं। राहुल का अपना व्यक्तित्व विचारधारा है। हमारी विचारधारा महात्मा गांधी की है। मोदी की विचारधारा नाथूराम गोड़से की है। चुनाव में मनमोहनसिंह के सामने नहीं होने को लेकर किये गये सवाल का जवाब देते हुए श्री शास्त्री ने कहा कि मनमोहनसिंहजी ने खुद फैसला किया है कि वे प्रधानमंत्री नहीं बनेंगे। यानी कि वे सेवानिवृत्त स्थिति में हैं। राहुल गांधी का केम्पेन चल रहा है। श्री शास्त्री ने कहा कि राजनीतिक मूल्यों में गिरावट आई है और उसमें परिवर्तन अब आने लगा है। इसके पूर्व श्री शास्त्री ने कहा कि उज्जैन में हमारे सांसद जनता के लिये उपलब्ध रहे और उन्होंने जो वादे किये, उन्हें पूरा किया। श्री शास्त्री ने सवाल उठाया कि नरेन्द्र मोदी कहते हैं कांग्रेस शासनकाल में कोई विकास नहीं हुआ। शिवराज कहते हैं प्रदेश में जमकर विकास किया, तो विकास के लिये अधिकतम राशि केन्द्र से ही उन्हें मिली। केन्द्र की योजनाओं में जमकर पैसा मिला। उन्होंने कहा कि नरेन्द्र मोदी को भरोसा नहीं है इसीलिए दो स्थान से चुनाव लड़ रहे हैं। 10 वर्षों में हमारे शासन में सभी कार्यक्रम सफल रहे। मनरेगा भी लागू किया। किसानों का कर्ज माफ भी किया। भाजपा ने लगातार संसद नहीं चलने दी। लोकपाल बिल, भोजन का अधिकार दिया। जहां तक भ्रष्टाचार का प्रश्न है कांग्रेस ने उचित कार्रवाई की। महाराष्ट्र इसका प्रमाण है। इसकी अपेक्षा भाजपा के येदुयिरप्पा का मामला सामने है। उन्होंने दावा किया कांग्रेस की सबसे यादा सीटें आयेंगी, राहुल प्रधानमंत्री बनेंगे और जो कार्यक्रम शेष हैं, उन्हें पूरा किया जायेगा।

You may have missed

Here can be your custom HTML or Shortcode

This will close in 20 seconds