September 23, 2024

गृह मंत्री ने गाड़ी रोककर किया महिला सुरक्षाकर्मी का सम्मान

महिलाओं के सम्मान एवं सुरक्षा को सदैव सर्वोपरि रखा है : श्री सिंह

भोपाल08 मार्च(इ खबरटुडे)। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर गृहमंत्री भूपेन्द्र सिंह ने अनूठी मिसाल पेश करते हुए मार्ग में तैनात महिला सुरक्षाकर्मी का सम्मान किया और मनोबल बढ़ाया। श्री सिंह ने राज्य विधानसभा में महिला पुलिस कर्मचारियों को पुष्प-गुच्छ देकर उन्हें शुभकामनाएँ दी।

राज्य विधानसभा के मार्ग पर जाते हुए गृहमंत्री भूपेन्द्र सिंह ने बैरियर पर तैनात महिला कर्मचारी को देखकर अकस्मात गाड़ी रुकवाई और प्लाटून कमांडर सुश्री मालती उइके को पुष्प-गुच्छ भेंट किया। गृह मंत्री श्री सिंह ने विधानसभा में ड्यूटी कर रही महिला पुलिस आरक्षक सुश्री मीरा सिंह एवं अन्य महिला सुरक्षाकर्मियों का सम्मान किया।

महिला दिवस के अवसर पर गृह एवं परिवहन मंत्री श्री सिंह ने सभी महिलाओं को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि मध्यप्रदेश में महिलाओं के सम्मान एवं सुरक्षा को सदैव सर्वोपरि रखा गया है। पुलिस बल में महिलाओं की संख्या को बढ़ाकर सुरक्षा घेरे को मजबूत किया गया है।

श्री सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में सरकार ने महिलाओं के हित और उनके सम्मान एवं सुरक्षा के लिए निरंतर फैसले लिए हैं। फिर चाहे बेटी बचाओ अभियान हो अथवा बेटियों को आरक्षण देने या महिला सुरक्षा का विषय हो, हमारी सरकार ने देश में सबसे अग्रणी होकर निर्णय लिए हैं। महिला सुरक्षा चक्र को अधिक मजबूत करने के लिए ही विगत दिनों राज्य विधानसभा में बारह वर्ष तक की बच्चियों के साथ दुष्कर्म करने वालों को फाँसी की सजा देने संबंधी विधेयक पारित किया गया है।

You may have missed