main

जनसमर्थन हासिल करना कांग्रेस के लिए बडी चुनौती

प्रेसवार्ता में कांंग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव मोहन प्रकाश ने कहा

रतलाम,६ नवंबर (इ खबरटुडे)। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव एव मध्यप्रदेश के प्रभारी मोहन प्रकाश ने आज यहां कहा कि रतलाम झाबुआ उपचुनाव में जनसमर्थन हासिल करना कांग्रेस के लिए सबसे बडी चुनौती है। मध्यप्रदेश में पिछले जितने भी उपचुनाव हुए,कांग्रेस ने लगातार जनसमर्थन हासिल करने की कोशिशें की और अब भी कांग्रेस इसी प्रयास में जुटी है।
मोहन प्रकाश स्थानीय प्रेसक्लब भवन में पत्रकारों से चर्चा कर रहे थे। रतलाम झाबुआ संसदीय क्षेत्र के उपचुनाव की तैयारियों के सिलसिले में रतलाम आए मोहन प्रकाश ने कहा कि कांग्रेस एकजुट होकर पूरी ताकत से उपचुनाव लडेगी और उन्हे विश्वास है कि कांग्रेस की जीत होगी। एक प्रश्न के उत्तर में उन्होने कहा कि कांग्रेस प्रत्याशी कांतिलाल भूरिया को लेकर कोई नाराजगी नहीं है। यह पूछे जाने पर कि पिछले सभी उपचुनावों में कांग्रेस को पराजय ही मिली है,मोहन प्रकाश का कहना था कि कांग्रेस लगातार जनसमर्थन पाने के लिए प्रयासरत रही है और अब भी इसी प्रयास में लगी है। उन्होने कहा कि यही कांग्रेस के सामने सबसे बडी चुनौती है।
मोहन प्रकाश ने केन्द्र की भाजपा सरकार पर हमला करते हुए कहा कि केन्द्र सरकार हर मोर्चे पर विफल रही है। देश में असहिष्णुता बढ रही है। महंगाई लूट के स्तर तक बढ गई है। यही हाल मध्यप्रदेश का है। पेटलावद में सौ से ज्यादा निर्दोषों की मौत हो गई,लेकिन सरकार हाथ पर हाथ धरे बैठी है। प्रेस वार्ता में रतलाम जिले के चुनाव प्रभारी वरिष्ठ नेता महेश जोशी,प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष रामेश्वर नीखरा तथा विधायक जीतू पटवारी भी मौजूद थे।

Back to top button