October 15, 2024

जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में महिलाएं आगे आकर अपना विशिष्ट स्थान बना रही हैं:कलेक्टर

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर रतलाम में भी हुए आयोजन

रतलाम,08 मार्च (इ खबर टुडे )।अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर 8 मार्च को रतलाम में भी कई आयोजन हुए । इस दौरान महिला बाल विकास विभाग तथा भारतीय डाक विभाग रतलाम संभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रमों में कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने सम्मिलित होकर कहा कि आज जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में महिलाएं आगे आकर अपना विशिष्ट स्थान बना रही है, महिला पुरुष में कोई प्रतिस्पर्धा नहीं है।

भारतीय डाक विभाग रतलाम संभाग कार्यालय द्वारा स्थानीय लायंस हाल में आयोजित कार्यक्रम में पद्मश्री डॉक्टर लीला जोशी, श्रीमती संगीता चारेल तथा बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित थी। कलेक्टर ने अपने उद्बोधन में कहा कि महिलाएं जिम्मेदारियों के निर्वाह के साथ-साथ अपने स्वास्थ्य का भी ख्याल रखें। महिलाओं के लिए कोई एक दिन नहीं, बल्कि पूरा वर्ष ही उनका होता है।

महिलाएं प्रण लें कि वे परिवार, समाज में अपनी भूमिका का भली-भांति निर्वाह करेंगी। कलेक्टर ने अपने संबोधन में भारतीय डाक विभाग रतलाम कार्यालय की भी सराहना करते हुए कहा कि उनके द्वारा बहुत अच्छे से अपने कर्तव्यों को अंजाम दिया जा रहा है। इनके संबंध में प्रायः कोई शिकायत भी प्राप्त नहीं होती है। स्थानीय पासपोर्ट कार्यालय भी अच्छा कार्य कर रहा है।

डॉक्टर लीला जोशी ने अपने संबोधन में कहा कि महिलाएं अपने स्वास्थ्य का अवश्य ध्यान रखें। अपने परिवार, समाज तथा कर्तव्य स्थलों पर अपने दायित्वों का बखूबी निर्वाह करें। ऐसे कार्य करें कि मिसाल कायम हो। श्रीमती यास्मीन शेरानी ने कहा कि आज के दौर में महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी मेहनत और ताकत से आगे आ रही हैं। सकारात्मकता के साथ प्रत्येक क्षेत्र में अपना योगदान दे रही हैं।

श्रीमती संगीता चारेल ने भी संबोधित करते हुए कहा कि महिलाएं विकास के क्षेत्र में प्रत्येक कार्य को करने में सक्षमता के साथ अपनी भूमिका का निर्वाह कर रही है। कार्यक्रम में अधीक्षक डाक विभाग श्री प्रदीप श्रीवास्तव ने स्वागत उद्बोधन दिया। कार्यक्रम में पद्मश्री डॉ लीला जोशी का विशेष रुप से सम्मान किया गया

कार्यक्रम में डाक विभाग तथा महिला बाल विकास विभाग की उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर पर्यावरण डाइजेस्ट के संपादक श्री खुशालसिंह पुरोहित भी उपस्थित थे।

महिला बाल विकास विभाग द्वारा भी आयोजन किया गया
राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जिला महिला बाल विकास विभाग द्वारा भी आयोजन हुआ। स्थानीय समता सागर होटल में आयोजित कार्यक्रम में कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान, सुश्री अदिति दवेसर, पुलिस अधीक्षक श्री गौरव तिवारी, अपर कलेक्टर श्रीमती जमुना भिड़े, एसडीएम लक्ष्मी गामड़, डिप्टी कलेक्टर सुश्री शिराली जैन, जिला महिला बाल विकास अधिकारी श्रीमती सुनीता यादव, सहायक संचालक सुश्री अंकिता पंड्या तथा बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित थी।

कार्यक्रम में उन महिलाओं को सम्मानित किया गया जिनके द्वारा कौशल उन्नयन में प्रशिक्षण लिया जा रहा है। साथ ही वह लड़कियां भी सम्मानित हुई जो पुलिस प्रशासन द्वारा आयोजित पुलिस भर्ती प्रशिक्षण में शामिल है।

कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान द्वारा इस अवसर पर प्रेरक उद्बोधन दिया गया। उन्होंने कहा कि महिलाएं सकारात्मकता के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वाह करती हैं। जीवन की आपाधापी में महिलाएं स्वयं को नकारात्मक बिल्कुल भी नहीं होने दे, जीवन में सर्वोत्तम करें। अपने को स्वस्थ रखने के लिए व्यायाम तथा कोई न कोई गतिविधि में अवश्य सम्मिलित हो।

पुलिस अधीक्षक गौरव तिवारी ने भी उद्बोधन दिया उन्होंने कहा कि देश के कानून में महिलाओं को बहुत अधिकार दिए गए हैं। इन अधिकारों कानूनों का सदुपयोग करते हुए भलाई के कार्य करें। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि महिलाओं के बगैर इस संसार की कल्पना नहीं की जा सकती है। कार्यक्रम में सुश्री अदिति दवे सर ने भी संबोधित करते हुए महिला सशक्तिकरण की बात कही। कार्यक्रम का संचालन श्रीमती प्रेरणा तोगड़े ने किया। कार्यक्रम में सोना शर्मा, पूर्णिमा शर्मा भी उपस्थित थी।

You may have missed