October 12, 2024

Crime news : चांदी के कड़ों के लिए काट दिए महिला के पैर, शव को गोबर गैस के गड्ढे में गाड़ा, पोतों पर हत्या का शक

इंदौर,,16फरवरी(इ खबर टुडे)। बुजुर्ग महिला की नृशंस हत्या का मामला सामने आया है। महिला के दोनों पैर काटकर उसकी हत्या की गई है। गोबर गैस के गड्ढे से शव बरामद हुआ है। पुलिस को आशंका है कि महिला के पैरों में पहने चांदी के कड़ों को निकालने के लिए वारदात की गई है। शंका के आधार पर महिला के दो पोतों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

घटना इंदौर के खुड़ैल थाना क्षेत्र की है। पुलिस के अनुसार सूचना मिली थी कि छोटी खुड़ैल गांव में एक बुजुर्ग महिला की लाश गोबर गैस के गड्ढे में पड़ी हुई है। मौके पर पहुंचकर देखा तो महिला का शव गड्ढे में पड़ा था। उसे बाहर निकाला। महिला के दोनों पैर कटे हुए थे। उसकी शिनाख्त जमनाबाई (75) के रूप में हुई है। ग्रामीणों से पूछताछ के बाद यह पता चला कि महिला दोनों पैरों में चांदी के मोटे कड़े पहनती थी। चांदी के ही अन्य जेवरात भी पहनकर रखती थी लेकिन शव पर कोई जेवरात नहीं थे। पुलिस ने इस मामले में महिला के दो पोतों को हिरासत में लिया है। हत्या के शक में दोनों से पूछताछ की जा रही है।

रुपयों को लेकर हुआ था पोतों से विवाद
पुलिस के अनुसार बुजुर्ग महिला 11 फरवरी से लापता थी। परिजन ने गुमशुदगी दर्ज करवाई थी। मौका-ए-वारदात को देखते हुए पुलिस लूट के इरादे से हत्या करने की बात मानकर चल रही है। पुलिस के अनुसार महिला के पांच बेटे और एक बेटी है। वह गिरधारी नामक बेटे के परिवार के साथ रहती थी। गिरधारी की मौत हो चुकी है। संदेह के आधार पर गिरधारी के दोनों बेटों को हिरासत में लिया है। पता चला है कि हत्या के कुछ समय पहले महिला का अपने पोतों से चांदी के कड़ों को लेकर विवाद हुआ था।

महिला के एक पोते की शादी के लिए रुपयों की जरुरत थी। दादी से रुपये भी मांगे थे लेकिन मना कर दिया था। इसके बाद चांदी के कड़े मांगे, लेकिन दादी ने साफ इंकार कर दिया। इसी बिंदू के आधार पर पुलिस को पोतों पर शक है और संदेह के आधार पर पोतों से पूछताछ की जा रही है।

You may have missed