October 14, 2024

Congress Kisan Panchayat दिग्विजय सिंह जैसे दिग्गज नेताओं की मौजूदगी के बावजूद किसानों को आकर्षित नहीं कर पाई कांग्रेस की किसान महापंचायत

रतलाम,04 मार्च (इ खबरटुडे)। प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह,पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरुण यादव और दिल्ली की सीमाओं पर चल रहे किसान आन्दोलन के नेता गुरुनाम सिंह चढूनी जैसे दिग्गज नेताओं की मौजूदगी भी किसान पंचायत में स्थानीय किसानों को आकर्षित नहीं कर पाई। डेलनपुर में कांग्रेस द्वारा आयोजित की गई किसान महापंचायत में किसानों की संख्या बेहद कम रही और सभास्थल का पाण्डाल भी पूरी तरह भर नहीं पाया।

Gurunam Singh Chadhooni

डेलनपुर में कांग्रेस ने किसान महापंचायत का आयोजन तो किया था,लेकिन सभास्थल पर कांग्रेस के झण्डो इत्यादि से पूरी तरह परहेज रखा गया था। कांग्रेस के नेताओं ने मंच से भी दूरी बनाकर रखी और भाषण इत्यादि भी नहीं दिए। कांग्रेस की ओर से केवल पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अरुण यादव ने किसान नेता होने के नाते किसान पंचायत को सम्बोधित किया। जबकि दिग्विजय सिंह और कांतिलाल भूरिया श्रोताओं के बीच बैठे थे।

Ex CM Digvijay Singh in public

कांग्र्रेस की किसान महापंचायत में हिस्सा लेने दिल्ली बार्डर पर आन्दोलन कर रहे किसानों की 40 सदस्यीय संयुक्त संघर्ष समिति के सदस्य गुरुनाम सिंह चढूनी और कुछ कम्यूनिस्ट नेता विशेष रुप से रतलाम पंहुचे थे। पंचायत को सम्बोधित करते हुए गुरुनाम सिंह चढूनी ने किसान कानूनों को पूरे देश को बर्बाद करने वाला कानून बताते हुए इसके विरुद्ध संघर्ष में समाज के हर वर्ग को जोडने का आव्हान किया। श्री चढूनी ने अम्बानी अडानी के साथ साथ बाबा रामदेव को भी नया कारपोरेट बताते हुए इन तीनों की कम्पनियों के सामानों का बहिष्कार करने की अपील की। इतना ही नहीं गैर राजनैतिक कही जा रही किसान पंचायत में श्री चढूनी ने भाजपा को कोसते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर भी कई कटाक्ष किए।

Ex Congress President Arun Yadav


इससे पहले कांग्रेस नेता अरुण यादव ने भारत कृषक समाज की मध्यप्रदेश इकाई के अध्यक्ष के नाते पंचायत को सम्बोधित किया। श्री यादव ने जहां तीनों किसान कानूनों को किसान विरोधी बताया,वहीं उन्होने कहा इन कानूनों के जरिये किसानों की जमीन छीन कर अडानी अम्बानी को देने का षडयंत्र किया जा रहा है। कृषि सुधारों के लिए गठित स्वामीनाथन कमेटी की सिफारिशों का जिक्र करते समय श्री यादव स्वामीनाथन को वैद्यनाथन कमेटी बोलते रहे। किसान पंचायत को कई अन्य किसानों तथा अन्यान्य स्थानों से आए कम्यूनिस्ट नेताओं ने भी सम्बोधित किया।
किसान पंचायत के लिए एक ट्रेक्टर ट्राली को मंच बनाया गया था और इस ट्रेक्टर ट्राली पर प्रतीकात्मक रुप से हल भी रखा गया था। मंच पर किसी भी वक्ता के बैठने की व्यवस्था नहीं थी। सारे वक्ता श्रोताओं के बीच ही बैठे थे और अपनी बारी आने पर ट्राली पर चढकर भाषण दे रहे थे। सभा के लिए बनाए गए पाण्डाल के दोनो ओर कुछ बैलगाडियां और ट्रेक्टर भी खडे किए गए थे।
कार्यक्रम का संचालन कांग्रेस नेता डीपी धाकड ने किया। किसान पंचायत में आलोट विधायक मनोज चावला,सैलाना विधायक हर्षविजय गेहलोत,जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेश भरावा,शहर कांग्रेस अध्यक्ष महेन्द्र कटारिया, समेत अनेक कांग्रेस नेता मौजूद थे। आलोट विधायक मनोज चावला अपने साथ साफा बान्धे कई समर्थकों को लेकर सभा स्थल पर पंहुचे थे। दूसरी ओर सैलाना विधायक हर्षविजय गेहलोत द्वारा किसान पंचायत के लिए अपने समर्थकों की संख्या नहीं जुटाना चर्चा का विषय बना रहा। किसान पंचायत के आयोजन को देखते हुए जिला प्रशासन ने भी किसी आपात स्थिति से निपटने के लिए भारी बन्दोबस्त किए थे।

You may have missed