Heavy rain alert:20-21 मार्च को भोपाल समेत मध्य प्रदेश के 21 जिलों में बारिश के आसार
Heavy rain alert :मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, 20 और 21 मार्च को भोपाल संभाग समेत प्रदेश के 21 जिलों में बादल छा सकते हैं और बारिश हो सकती है। इस दौरान दिन के तापमान में 3 से 4 डिग्री तक गिरावट देखने को मिल सकती है। इससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी। मौसम वैज्ञानिक चक्रवर्ती के मुताबिक,भोपाल, विदिशा, रायसेन, नर्मदापुरम, जबलपुर, रीवा, सागर, शहडोल, ग्वालियर और चंबल संभाग के कुछ इलाकों में बारिश का अनुमान है।
दरअसल, 19 मार्च को उत्तर भारत में वेस्टर्न डिस्टर्बेस पहुंचेगा। इसका प्रभाव मध्यप्रदेश में भी देखने को मिलेगा। इस सिस्टम के प्रभाव से पूर्वी और पश्चिमी हवाएं प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में टकराएंगी। इससे कई इलाकों में बादल छा सकते हैं। बारिश भी हो सकती है।
इधर, सागर, रीवा और सतना जिले में बारिश
प्रदेश में बीते 24 घंटों में बादलों और बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई। सागर, रीवा और सतना जिले में कई स्थानों पर बारिश हुई। भोपाल में घने बादल छाए रहे। इससे दिन का तापमान गिरकर 35.2 डिग्री दर्ज किया गया।
शनिवार के मुकाबले तापमान में 2.2 डिग्री की गिरावट आई। यदि दोपहर में हल्की धूप भी नहीं निकलती, तो तापमान में 4 डिग्री तक की गिरावट हो सकती थी।