October 9, 2024

विकास यात्रा के दौरान 11 फरवरी को ग्रामों में 435 लाख के लोकार्पण तथा 256 लाख रुपए के भूमिपूजन किए गए

रतलाम,11 फरवरी(इ खबर टुडे)। रतलाम जिले में विकास यात्रा के दौरान 11 फरवरी को जनपद पंचायतों के विभिन्न ग्रामों में 435 लाख रुपए लागत के 30 निर्माण कार्यों का लोकार्पण किया गया। इसके अलावा 256 लाख रूपए लागत के 22 निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया गया। सभी लोकार्पण, भूमिपूजन जनप्रतिनिधियों के हाथों हुए।

जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती जमुना भिड़े ने बताया कि 11 फरवरी को 75 ग्रामों में यात्राएं आयोजित की गई। आलोट में 20 यात्राएं आयोजित की गई। इसके अलावा बाजना में 14, जावरा में 6, पिपलोदा में 5, रतलाम में 9 तथा सैलाना में 21 यात्राएं आयोजित की गई। लोकार्पण के तहत आलोट जनपद में 7, पिपलौदा में 10, रतलाम में 3, सैलाना में 7 तथा जावरा में 3 लोकार्पण हुए। सर्वाधिक 9 भूमिपूजन पिपलोदा जनपद पंचायत क्षेत्र में हुए। इसके अलावा रतलाम में 53, आलोट तथा बाजना में 2-2 तथा सैलाना में 1 भूमिपूजन किया गया।

सर्वाधिक राशि के भूमिपूजन पिपलोदा जनपद में 174 .70 लाख रुपए लागत के 9 भूमिपूजन किए गए। सर्वाधिक राशि के लोकार्पण भी पिपलोदा जनपद पंचायत में हुए जिसमें 234.90 लाख रुपए गत के 10 कार्य लोकार्पण किए गए।

12 फरवरी को शहर के चार वार्डों में निकलेगी विकास यात्रा
जिले में निकल रही विकास यात्रा के क्रम में 12 फरवरी को रतलाम शहर के 4 वार्डों में विकास यात्राएं निकाली जाएगी। रविवार को वार्ड क्रमांक 5, 6, 7 तथा 8 में विकास यात्राएं निकलेगी।

वार्ड क्र. 5 में विनोबा नगर पानी की टंकी चौराहा से यात्रा प्रारम्भ होगी जो विनोबा नगर, ओल्ड ग्लोबस कालोनी, अम्बिका नगर, न्यू ग्लोबस कालोनी रोड होते हुए राधाकृष्ण मंदिर नयागांव पहुंचेगी। वार्ड नं. 6 में सूर्यमुखी हनुमान मंदिर से यात्रा प्रारम्भ होकर इन्द्रलोक नगर मेन रोड, राजीव नगर, गणेश नगर जीत नगर होते हुए राधाकृष्ण मंदिर नयागांव पर समाप्त होगी। वार्ड क्र. 7 में जीत नगर से यात्रा आरम्भ होकर हनुमान मंदिर नयागांव होते हुए राधाकृष्ण मंदिर नयागांव पहुंचेगी तथा वार्ड क्र. 8 में टैगोर कालोनी से यात्रा आरम्भ होकर साक्षी पेट्रोल पम्प, नयागांव मेन रोड, राधाकृष्ण मंदिर नयागांव पर समाप्त होगी।

अमृत सरोवर निर्माण कार्य का भूमिपूजन
विकास यात्रा के दौरान जनपद पंचायत रतलाम क्षेत्र में 11 फरवरी को 27 लाख रुपए की लागत से निर्मित किए जाने वाले अमृत सरोवर निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया गया। इस अवसर पर जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती साधना जायसवाल, जिला पंचायत सदस्य सत्यनारायण पाटीदार, जनपद के मुख्य कार्यपालन अधिकारी रामपालसिंह करजरे आदि उपस्थित रहे।

1 करोड़ रूपए लागत के रघुनाथगढ़ हाईस्कूल भवन लोकार्पण किया गया
विकास यात्रा के दौरान जनपद पंचायत क्षेत्र रतलाम के ग्राम रघुनाथगढ़ में निर्मित किए गए हाईस्कूल भवन का लोकार्पण जनप्रतिनिधियों द्वारा 11 फरवरी को किया गया जिसकी लागत 1 करोड़ रुपए है। इस अवसर पर जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती साधना जायसवाल, जिला पंचायत सदस्य सत्यनारायण पाटीदार, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी रामपाल करजरे उपस्थित रहे। भवन का निर्माण पीआईयु द्वारा किया गया है।

विकास यात्रा में रघुनाथगढ़ से लोचितारा तक सड़क का भूमिपूजन किया गया
रतलाम जनपद पंचायत क्षेत्र में 11 फरवरी को विकास यात्रा आयोजन के दौरान ग्राम रघुनाथगढ़ से ग्राम लोचितारा तक सड़क निर्माण का भूमिपूजन जनप्रतिनिधि द्वारा किया गया। सड़क की लागत 1 करोड़ 53 लाख रुपए है। इस अवसर पर जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती साधना जायसवाल, अधिकारी श्री रामपालसिंह करजरे उपस्थित थे।

विकास यात्रा के दौरान 20 लाख रु की लागत से विभिन्न कार्यो के भूमिपूजन व लोकार्पण
आमजन को जनकल्याणकारी योजनाओं का समय पर लाभ मिल सके, इसके लिए प्रदेश शासन तत्परता से कार्य कर रहा है। करोड़ो के विकास कार्य आमजन की सुविधाओ के लिए किए गए है।

उक्त विचार विधायक डॉ. राजेंद्र पांडेय ने विकास यात्रा के दौरान जावरा विकासखण्ड के ग्राम मरम्या, असावती व शक्करखेड़ी में आयोजित कार्यक्रमो में व्यक्त किये। इस दौरान जावरा जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रुक्मणी हेमराज हाड़ा, उपाध्यक्ष प्रतिनिधि हरिओम शाह, जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि गोपाल सिंह, बालाराम पाटीदार, जनपद सदस्य नागूलाल धनगर, मुकेश बग्गड़, जितेंद्र सिंह सहित जनप्रतिनिधि साथ थे।

कार्यक्रम में प्रारंभ में जनपद सीईओ श्री हेमेंद्र गोविल ने विकास यात्रा व ग्राम की जानकारी से अवगत कराया। कार्यक्रम के दौरान कलश यात्रा, सांस्कृतिक कार्यक्रम, हितलाभ वितरण भी किया गया। इन आयोजनों में विभिन्न विभागों के अधिकारियों द्वारा विभागीय योजनाओं की जानकारी प्रस्तुत की गई तथा ग्राम के हितग्राहियों की जानकारी दी गई।

विधायक डॉ. पांडेय ने ग्राम मरम्या व कुम्हारी में विद्युत वितरण एवं राजस्व बंदोबस्त की गड़बड़ी को सुधारने के निर्देश दिए गए। खेल मैदान का भी सीमांकन करने के लिए निर्देशित किया गया। ग्राम असावती में गेहूं तुलाई केंद्र बनाए जाने की मांग पर प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए। इन ग्रामो में प्रधानमंत्री आवास के लिए सर्वेक्षण किये जाने के लिए भी कहा। डॉ. पांडेय ने इन ग्रामो में लगभग 20 लाख रु की लागत से विभिन्न कार्यो का भूमिपूजन व लोकार्पण किया। इस अवसर पर सरपंच दशरथ सिंह भाटी, नरेंद्र सिंह डोडिया, अर्जुन शर्मा, मुनीम, राजेन्द्र सिंह देवड़ा, नाथूलाल शर्मा, प्रकाश जैन के अलावा जिला खनिज अधिकारी सुश्री आकांक्षा पटेल भी उपस्थित रहे।

You may have missed