October 11, 2024

MP Bus Accident : नर्मदा नदी में यात्री बस गिरने से 13 की मौत, 25 से ज्यादा लापता, मोदी ने ट्वीट कर जताया दुख

धार,18जुलाई(इ खबर टुडे)। बस में 55 लोगों के सवार होने की बात सामने आ रही है। अब तक 13 शव निकाले जा चुके हैं। मरने वालों में आठ पुरुष, चार महिलाएं और एक बच्चा शामिल है। उनकी शिनाख्त नहीं हो सकी है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी ट्वीट कर संवेदनाएं जताई हैं। मोदी ने कहा कि मध्य प्रदेश के धार में बस हादसा दुखद करने वाला है। मेरी संवेदनाएं उन लोगों के साथ हैं, जिन्होंने अपने करीबियों को बस दुर्घटना में खोया है। राहत कार्य जारी है और स्थानीय प्रशासनिक अधिकारी प्रभावितों को हरसंभव मदद पहुंचा रहे हैं।

जिस पुल पर हादसा हुआ है, वह पुराना पुल बताया जाता है। महाराष्ट्र परिवहन की बस ने 10 मिनट पहले ही ब्रेक लिया था। यात्रियों ने नाश्ता किया था और बस रवाना हुई थी। अब तक बताया जा रहा है कि बस के सामने कोई आ गया, जिसके बाद ड्राइवर का वाहन पर से संतुलन बिगड़ा और बस रैलिंग तोड़ती हुई नदी में जा गिरी। हादसा आगरा-मुंबई राजमार्ग पर हुआ है। जिस संजय सेतु से बस गिरी है, वह धार और खरगोन की सीमा पर आता है। आधा सेतु खरगोन में और आधा धार में। इस वजह से इंदौर कमिश्नर ने दोनों जिलों के कलेक्टरों को मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए थे।

मध्यप्रदेश के गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि इंदौर से महाराष्ट्र जा रही महाराष्ट्र सरकार की “एसटी” बस धामनोद के पास खलघाट में नर्मदा नदी में गिरने की बहुत ही दुखद और पीड़ादायी दुर्घटना हुई है। मौके पर सभी जिम्मेदार प्रशासनिक अधिकारी और बचाव एवं राहत टीमें पहुंच गई हैं। बचाव के सभी प्रयास किए जा रहे हैं। 15 लोगों को बचा लिया गया है। दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने खरगोन-धार के बीच स्थित खलघाट में हुई बस दुर्घटना का संज्ञान लिया है। बस के खाई में गिर जाने की सूचना मिलते ही प्रशासन को शीघ्र पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं। बस को क्रेन की मदद से निकाल लिया गया है। यात्रियों के राहत एवं बचाव का काम जारी है। जिला प्रशासन घटना स्थल पर है। मुख्यमंत्री ने एसडीआरएफ को भेजने के निर्देश दिए हैं, इसके अतिरिक्त आवश्यक संसाधन घटना स्थल पर भेजने और घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था के निर्देश दिए गए हैं। खरगोन, इंदौर जिला प्रशासन के साथ मुख्यमंत्री निरंतर संपर्क बनाए हुए हैं। पूर्व सीएम कमलनाथ ने धार जिले के खलघाट में हुए हादसे पर दुख व्यक्त करते हुए। सरकार व प्रशासन से युद्ध स्तर पर बचाव कार्य करने की मांग की और लोगों को जल्द राहत पहुँचाने की बात कही है।

जानकारी के अनुसार इंदौर से महाराष्ट्र के अमलनेर की ओर जा रही यात्री बस खलघाट संजय सेतु पुल पर संतुलन बिगड़ने के कारण 25 फीट नीचे नदी में जा गिरी। मौके पर धामनोद (धार) पुलिस एवं खलटाका (खरगोन) पुलिस मोर्चा संभाले हुए हैं। बचाव के लिए गोताखोर तैनात किए गए हैं। NDRF की टीम भी राहत बचाव के लिए मौके पर पहुंची है। इंदौर कमिश्नर पवन कुमार शर्मा ने धार और खरगोन के कलेक्टर्स को घटना स्थल पर पहुंचने के निर्देश दिए हैं। गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने दावा किया है कि अब तक 15 लोगों की जान बचा ली गई है। हालांकि, मौके पर मौजूद बचाव दल ने इसकी पुष्टि नहीं की है।

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे से फोन पर चर्चा की। मुख्यमंत्री ने नर्मदा नदी में हुई बस दुर्घटना की जानकारी से महाराष्ट्र सीएम को अवगत कराया। मुख्यमंत्री ने शिंदे से कहा कि मध्यप्रदेश से सभी शवों को सम्मान के साथ महाराष्ट्र भेजा जाएगा। मुख्यमंत्री ने उन्हें प्रशासन के प्रयासों से अवगत कराया। साथ ही मंत्री को घटनास्थल पर भेजने की जानकारी भी दी।

You may have missed