May 2, 2024

हरियाणा- उप्र सीमा पर राहुल गांधी के काफिले को रोका, पैदल पहुंचे ढाबे तक

 पानीपत,27 मई(इ खबरटुडे)। कांग्रेस के राष्‍ट्रीय उपाध्‍यक्ष राहुल गांधी शनिवार को हरियाणा के रास्‍ते उत्‍तर प्रदेश के हिंसग्रस्‍त सहारनपुर गए। यमुनानगर में हरियाणा-उत्‍तर प्रदेश सीमा पर उनके काफिले को रोक दिया गया। इसके बाद वह पैदल सहारनपुर की ओर गए अौर सहरानपुर की सीमा में प्रवेश किया। उनके साथ कांग्रेस के वरिष्‍ठ नेता गुलाम नबी आजाद व अन्‍य नेता भी थे। इसके बाद वह सहारनपुर के पास एक ढाबे पहुंचे और हिंसा प्रभाव‍ित लोगों से मिले।

राहुल गांधी हरियाणा-उप्र सीमा के पास एक ढाबे पर पहुंचे और लोगों से रूबरू हुए। उन्‍होंने कहा कि वह सहारनपुर जाना चाहते थे, लेकिन प्रशासन ने उनके काफिले को दोनों राज्‍यों की सीमा पर ही रोक दिया। इसके बावजूद वह और अन्‍य नेता पैदल यहां तक पहुंचे। उनके साथ गुलाम नबी आजाद और उत्‍तर प्रदेश कांग्रेस के अध्‍यक्ष राज बब्‍बर भी थे।

इससे पहले वह उत्‍तर प्रदेश के सहारनपुर जाने के लिए सड़क मार्ग से पानीपत, करनाल, कुरुक्षेत्र व यमुनानगर होते दाेनों राज्‍यों की सीमा पर पहुंचे। पानीपत, करनाल, कुरुक्षेत्र पहुंचने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्‍वागत किया। यमुनानगर में उनका काफिला नहीं रुका। राहुल गांधी के हरियाणा होकर सहारनपुर जाने की खबर मिलते की पानीपत, करनाल अौर यमुनानगर में काफी संख्‍या में कांग्रेस कार्यकर्ता सड़क किनारे पहुंच गए। राहुल गांधी सबसे पहले पानीपत पहुंचे। वहां कार्यकर्ताओं को देखकर उन्‍होंने अपनी कार रुकवाई और उनसे मिले। कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्‍वागत किया और उनके समर्थन में नारे लगाए

इसके बाद राहुल गांधी की काफिला करनाल पहुंचा तो वहां भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं ने उनका स्वागत किया। राहुल गांधी का हाइवे पर कार्यकर्ताओं ने उत्साह के साथ स्वागत किया। अपने नेता का दीदार करने के लिए कार्यकर्ताओं ने उनकी कार को चारों ओर से घेर लिया।

कार्यकर्ताओं की बढ़ती भीड़ को हटाने के लिए सुरक्षाकर्मियों ने कुछ सख्त रुख भी अख्तियार किया और कार्यकर्ताओं पर हलका बल भी प्रयोग किया। इसके बावजूद कार्यकर्ता अपने नेता की झलक पाकर खासे उत्साहित हो गए। पहले बसताड़ा टोल प्लाजा और इसके बाद उचानी कृषि विश्वविद्यालय के क्षेत्रीय केंद्र के बाहर राहुल गांधी का जोरदार स्‍वागत किया गया।

कुछ देर रुकने के बाद राहुल गांधी कुरुक्षेत्र की ओर रवाना हो गए। कुरुक्षेत्र में भी कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताआें ने उनका स्‍वागत किया। यहां हरियाणा कांग्रेस के अध्‍यक्ष अशोक तंवर ने भी उनका स्‍वागत करने वालों में शामिल थे। राहुल गांधी ने कार में बैठे-बैठे ही अशोक तंवर से कुछ मिनट बात की और उसके बाद यमुनानगर की ओर रवाना हाे गए।

यमुनानगर में भी काफी संख्‍या में कार्यकर्ता राहुल गांधी के स्‍वागत के लिए खड़े थे, लेकिन वह वहां नहीं रुक और उनका काफिला सीधे सहारनपुर की आेर बढ़ गया। इससे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को भारी निराशा हुई।
बताया जाता है कि सहारनपुर पुलिस और जिला प्रशासन की इजाजत न मिलने के बावजूद कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी वहां जा रहे हैं। संभावना जताई जा रही है कि उन्‍हें सहारनपुर की सीमा पर ही रोक दिया जाएगा।

You may have missed

Here can be your custom HTML or Shortcode

This will close in 20 seconds