May 21, 2024

पीएम मोदी ने संयुक्त राष्ट्र में आतंकवाद पर बोला करारा हमला, कहा- हम युद्ध नहीं बुद्ध देने वाले देश

यूयॉर्क,27 सितंबर (इ खबर टुडे)। पीएम नरेंद्र मोदी ने संयुक्त राष्ट्र के मंच से आतंकवाद पर करारा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि हमने दुनिया को युद्ध नहीं बल्कि बुद्ध दिए हैं। उन्होंने कहा, ‘हमारी आवाज में आतंकवाद के खिलाफ दुनिया को सतर्क करने की गंभीरता और आक्रोश दोनों हैं।

आतंकवाद मानवता और दुनिया के लिए चुनौती हैं। इस मुद्दे पर बंटी हुई दुनिया उन सिद्धांतों को चोट पहुंचाती है, जिनके आधार पर यूएन का गठन हुआ है।’ पीएम मोदी ने पाकिस्तान का नाम लिए बिना ही आतंकवाद पर तीखा हमला बोला।

उन्होंने कहा, ‘आतंकवाद के खिलाफ पूरी दुनिया का एकजुट होना जरूरी है। बिखरी हुई दुनिया किसी के भी हित में नहीं है। हमारे पास न तो अपनी सीमाओं में सिमटने का विकल्प है। हमें संयुक्त राष्ट्र को नई शक्ति और नई दिशा देनी ही होगी।’ इसके साथ ही उन्होंने स्वामी विवेकानंद का जिक्र करते हुए कहा, ‘सवा सौ साल स्वामी विवेकानंद ने विश्व धर्म संसद से दुनिया को एक संदेश दिया था। यह संदेश था, सद्भाव और शांति। भारत की ओर से आज भी दुनिया के लिए यही संदेश है।

संयुक्त राष्ट्र महासभा के 74वें सत्र में बोलते हुए पीएम मोदी ने कहा कि यदि दुनिया आतंकवाद पर बंटी हुई दिखती है तो यह फिर संयुक्त राष्ट्र के सिद्धांतों से अन्याय होगा। उन्होंने कहा, ‘आज से तीन हजार वर्ष पूर्व हमारे एक तमिल कवि ने कहा था कि हम सभी स्थानों के लिए अपनेपन का भाव रखते हैं और सभी लोग हमारे अपने हैं।

भारत ने विश्व बंधुत्व के उस महान परंपरा को आगे बढ़ाने का काम किया है।’ गांधी का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा, ‘पूरा विश्व इस साल महात्मा गांधी की 150वीं जयंती मना रहा है। सत्य और अहिंसा का उनका संदेश विश्व की शांति और प्रगति के लिए आज भी महत्वपूर्ण है।’ संयुक्त राष्ट्र महासभा में पीएम मोदी ने हिंदी में ही अपनी बात रखी।

You may have missed

Here can be your custom HTML or Shortcode

This will close in 20 seconds