June 26, 2024

दो दिवसीय जापान दौरे पर रवाना हुए पीएम मोदी, सम्मेलन में लेंगे हिस्सा

नई दिल्ली,27 अक्टूबर (इ खबरटुडे)।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिवसीय जापान दौरे पर शनिवार सुबह रवाना हुए। मोदी जापान में 28 और 29 अक्टूबर को वार्षिक सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। साथ ही जापान के प्रधानमंत्री शिंजो आबे की विशेष मेजबानी में उनके यामानाशी स्थित अपने होलीडे होम में दिए जाने वाले रात्रीभोज में भी शामिल होंगे।

मोदी की इस यात्रा में भारत-प्रशांत क्षेत्र में सहयोग का विस्तार करने, तीसरी दुनिया में संयुक्त बुनियादी संरचना परियोजनाएं संचालित करने और रक्षा तथा व्यापार जैसे प्रमुख क्षेत्रों में संबंध और मजबूत करने पर ध्यान दिया जाएगा।

मोदी ने जापान को आर्थिक और प्रौद्योगिकी आधुनिकीकरण के क्षेत्र में भरोसेमंद सहयोगी बताया है। जापान दौरे से एक दिन पहले मोदी ने दोनों देशों के गठजोड़ को बेहद खास बताया। बता दें कि प्रधानमंत्री बनने के बाद जापान के प्रधानमंत्री शिंजो आबे के साथ मोदी की यह 12वीं मुलाकात है। दोनों के बीच पहली मुलाकात सितंबर, 2014 में हुई थी।

भारत-जापान संबंध पर मोदी ने कहा, ‘हमारे बीच एक विशेष रणनीतिक एवं वैश्विक साझेदारी है। जापान के साथ आर्थिक और रणनीतिक दोनों ही मोर्चों पर हमारे संबंध पिछले कुछ वर्षों में पूरी तरह बदल गए हैं। आज यह एक उद्देश्यपूर्ण साझेदारी है। यह भारत की एक्ट ईस्ट पॉलिसी का मजबूत स्तंभ है। मुक्त, खुला एवं समावेशी एशिया-प्रशांत क्षेत्र हम दोनों का साझा लक्ष्य और प्रतिबद्धता है।’

मोदी ने कहा, ‘हम एक-दूसरे के पूरक हैं और यही दोनों देशों के गठजोड़ को एक जिताऊ गठजोड़ बनाता है। आज की तारीख में जापान हमारा सबसे भरोसेमंद सहयोगी है।’ प्रधानमंत्री ने कहा कि मुंबई-अहमदाबाद हाई स्पीड रेल और डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर आर्थिक संबंधों की मजबूती दिखाते हैं।

इनोवेशन और टेक्नोलॉजी जैसे क्षेत्रों में जापान की विशेषज्ञता की भारत कद्र करता है। मोदी ने कहा कि वह जापान के प्रधानमंत्री आबे के साथ कई मुद्दों पर बात करेंगे। इस दौरान दोनों के देशों के उद्योग जगत के दिग्गजों से भी मुलाकात होगी।

You may have missed