May 1, 2024

संविधान में धर्मनिरपेक्ष शब्द ही नहीं

भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रभात झा ने कहा
रतलाम,17 जुलाई(इ खबर टुडे)। भाजपा के राष्टीय उपाध्यक्ष प्रभात झा ने आज यहां कहा कि भारत के संविधान में कहीं भी धर्म निरपेक्षता शब्द का उल्लेख नहीं है। कांग्रेस इस शब्द का उपयोग पिछले 50 वर्षों से मुस्लिमों को डराने में कर रही है। कांग्रेस मुस्लिमों को सिर्फ वोट समझती है,नागरिक नहीं। वे विकास के मुद्दों पर बहस नहीं चाहते,केवल सांप्रदायिकता का हौव्वा खडा करके वोट हासिल करना चाहते है।
श्री झा आज सुबह स्थानीय सर्किट हाउस पर पत्रकारों से चर्चा कर रहे थे। श्री झा ने कहा कि कांग्रेस सांप्रदायिकता का डर दिखाकर देश के सामाजिक सद्भाव को बिगाडना चाहती है। यही कारण है कि मोदी जी द्वारा कोई भी बात कही जाए पूरी कांग्रेस  उनके पीछे पड जाती है। कांग्रेस महंगाई, घोटाले,विकास जैसे मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए सांप्रदायिकता का डर फैलाती है। उन्होने कहा कि देश में अब यूपीए की लुटिया डूब रही है।
जन आशीर्वाद यात्रा २२ जुलाई से
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह की जनआशीर्वाद   यात्रा की तैयारियों के लिए रतलाम आए श्री झा ने कहा कि मुख्यमंत्री की जनआशीर्वाद यात्रा २२ जुलाई को महाकाल के दर्शनों से प्रारंभ होगी। संसद में नेता प्रतिपक्ष सुषमा स्वराज इस मौके पर मौजूद रहेंगी। जनता की सेवा के लिए किए गए कार्यों के बाद जनता से आशीर्वाद लेने जाने की मुख्यमंत्री की यह पहल अनूठी पहल है। श्री झा ने बताया कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह सबसे ज्यादा लोकप्रिय मुख्यमंत्री है। वे अपनी जनआशीर्वाद यात्रा में दो सौ से अधिक विधानसभा क्षेत्रों तक पंहुचेंगे और मतदाताओं से सीधे रुबरु होंगे। वे बारह सौ से अधिक सभाओं को सम्बोधित करेंगे।
विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन
श्री झा ने बताया कि आगामी 25 सितम्बर को भोपाल में विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन होगा। इस सम्मेलन में प्रदेश के प्रत्येक निर्वाचन केन्द्र से बीस बीस चयनित कार्यकर्ता शामिल होंगे। इस तरह यहां लाखों कार्यकर्ता जुटेंगे,जिनमें जनता नहीं होगी। इस सम्मेलन में नरेन्द्र मोदी,राजनाथ सिंह,सुषमा स्वराज जैसे तमाम वरिष्ठ नेता भी शिरकत करेंगे।
जनता लडेगी चुनाव
एक प्रश्न के उत्तर में श्री झा ने कहा कि 2013 का विधानसभा चुनाव भाजपा हर हाल में जीतेगी। भाजपा कतई अति आत्मविश्वास में नहीं है। जनता में शिवराज द्वारा किए गए कार्यों के प्रति विश्वास है। भाजपा में निचले स्तर पर कुछ मतभेद जरुर है,लेकिन जनता शिवराज को नहीं हारने देंगी। जनता नहीं चाहती कि प्रदेश का विकास करने वाले शिवराज के स्थान पर किसी अन्य के हाथ में सत्ता आए। श्री झा ने कहा कि शिवराज के लिए वैसे तो भाजपा के कार्यकर्ता चुनाव लडेंगे,लेकिन भाजपा की यह लडाई खुद जनता भी लडेगी। इसी बात को सार्थक करने के लिए जन आशीर्वाद यात्रा के बाद भाजपा प्रत्येक नागरिक से चुनाव के लिए सहयोग मांगेगी। कार्यकर्ता जनता के बीच जाएंगे और आर्थिक सहयोग मांगेंगे। इसी राशि से चुनाव लडा जाएगा।
कट सकते है विधायकों के टिकट
यह पूछे जाने पर कि क्या भाजपा वर्तमान विधायकों के टिकट काटेगी,श्री झा ने सीधे तौर पर तो कुछ नहीं कहा लेकिन ये संकेत जरुर दिए कि अनेक विधायकों और मंत्रियों के प्रति जनता में नाराजगी है और उनके टिकट काटे जा सकते है। उन्होने कहा कि टिकट देते समय जीतने की योग्यता सर्वाधिक महत्वपूर्ण पक्ष होगा। कांग्रेस छोडकर भाजपा में शामिल होने वाले विधायकों के प्रश्न पर उन्होने कहा कि योग्य व्यक्तियों को जरुर प्रवेश दिया जाएगा लेकिन कूडा करकट किसी हाल में नहीं लिया जाएगा। भाजपा के कार्यकर्ता का सम्मान सुरक्षित रखा जाएगा।

You may have missed

Here can be your custom HTML or Shortcode

This will close in 20 seconds