mainदेश-विदेशब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेश

मध्य प्रदेश में पचमढ़ी सबसे ठंडा, उत्तरी हवाओं से लुढ़क रहा रात का तापमान…दो दिन बाद फिर बढ़ेगा

भोपाल,10 नवंबर(इ खबर टुडे)। प्रदेश में बीच-बीच में चल रही उत्तरी हवाओं के कारण अधिकतर शहरों में रात के अलावा दिन के तापमान में भी गिरावट आने लगी है। वातावरण में अभी भी आर्द्रता रहने के कारण सुबह के समय धुंध भी देखने को मिल रही है, जिससे दृश्यता प्रभावित हो रही है। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक अभी दो दिन तक रात के तापमान में कुछ और गिरावट होने के आसार हैं। इसके बाद तापमान में फिर कुछ बढ़ोतरी हो सकती है।

लुढ़क रहा पारा
इधर, शनिवार को प्रदेश के 26 शहरों में रात का तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से कम दर्ज किया गया। मैदानी क्षेत्रों में सबसे कम तापमान 15.2 डिग्री सेल्सियस भोपाल एवं मंडला में रिकॉर्ड किया गया। हिल स्टेशन पचमढ़ी में रात का पारा 13.4 डिग्री सेल्सियस पर रहा।

चल रही उत्तरी हवाएं
मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक, वर्तमान में दक्षिणी बंगाल की खाड़ी में हवा के ऊपरी भाग में एक चक्रवात बना हुआ है। मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्व वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि वर्तमान में हवा का रुख उत्तरी बना रहने से दिन एवं रात के तापमान में गिरावट दर्ज होने लगी है। रविवार-सोमवार को भी रात के तापमान में कुछ और गिरावट आने की संभावना है।

इस समय सुबह के समय आर्द्रता लगभग 80 प्रतिशत तक बनी हुई है। इसी तरह शाम को भी 50 प्रतिशत तक नमी बनी हुई है, जिस वजह से धुंध छा रही है। सुबह के समय धुंध के कारण दृश्यता 1000 से 1500 मीटर तक रहती है।

आगे ऐसा रहेगा मौसम
बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवात के सोमवार तक कम दबाव के क्षेत्र में बदलने के आसार हैं, जिसके असर से हवाओं का रुख बदलने से प्रदेश में कहीं-कहीं आंशिक बादल आ सकते हैं। इसके चलते मंगलवार से रात के तापमान में फिर कुछ बढ़ोतरी हो सकती है।

Related Articles

Back to top button