Crime news : दूसरी कंपनी की सिगरेट देने पर रॉड से पीट-पीटकर मार डाला, दो दोस्तों को अगवा करके कमरे में बंद करके पीटा; एक की मौत

नई दिल्ली,16अप्रैल(इ खबर टुडे)। आनंद पर्वत में सिगरेट के विवाद में पांच हमलावरों ने दो दोस्तों को अगवा कर रॉड से जमकर पिटाई की। इस घटना में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा घायल है। घायल युवक की शिकायत पर केस दर्ज कर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है। घायल युवक ने पुलिस को बताया कि उसका दोष बस इतना था कि उसने मुख्य आरोपी के मांगने पर उसकी बताई कंपनी की जगह दूसरी कंपनी की सिगरेट लाकर दे दी थी।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि 17 वर्षीय मनोज ने थाने में शिकायत दी है। मनोज ने बताया कि मारा गया 23 वर्षीय ऋत्विक उसका दोस्त था, जो परिवार के साथ बलजीत नगर में रहता था। दो साल पहले ही दोनों की मुलाकात हुई थी और वे गहरे दोस्त बन गए थे। एफआईआर के अनुसार, तीन चार दिन पहले विक्की नाम के युवक ने मनोज से सिगरेट मंगाई। मनोज दूसरी कंपनी की सिगेरट लेकर आया तो दोनों में विवाद हो गया। तब वहां मौजूद लोगों ने विवाद शांत करा दिया लेकिन विक्की ने मनोज को जान से मारने की धमकी दी थी।
घायल मनोज ने बताया कि ऋत्विक के साथ वह गुरुवार शाम को इलाके में घूम रहा था। तभी विक्की अपने चार दोस्तों के साथ घूमते हुए मिल गया। विक्की अपने दोस्तों के साथ मिलकर उन्हें जबरन अपने घर ले गया और एक कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद सभी आरोपियों ने लोहे की रॉड से बुरी तरह उनकी पिटाई की। करीब आधे घंटे तक पिटाई के बाद ऋत्विक बेहोश हो गया तो हमलावर उसे अपने साथ ले गए और रास्ते में कहीं फेंक दिया।
इसके कुछ देर बाद मनोज को भी गली में अचेत हालत में फेंक दिया, जहां एक जानकार ने उसे देखकर पुलिस को सूचना दी। स्थानीय लोगों ने दोनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां ऋत्विक को मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस नामजद बदमाशों की तलाश में छापेमारी कर रही है।