July 6, 2024

रतलाम :चांदी के आभूषण का कार्य करने वाले कारीगर ने जहर खाकर की आत्महत्या

रतलाम ,17 फरवरी( इ खबर टुडे)। रतलाम शहर के माणक चौक थाना क्षेत्र अंतर्गत चांदी के आभूषण का कार्य करने वाले कारीगर ने जहर खाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार विजय पिता गोविंदराम कसेरा 41 वर्षीय निवासी कल्याण नगर ने बुधवार दोपहर अपने घर में चांदी के कार्य में उपयोग किये जाने वाला पोटास (जहरीला पदार्थ ) खाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पत्नी के अनुसार विजय मंगलवार रात को घर से बाहर गया था और वापस लौटा तो उसके चेहरे पर मारपीट के निशान दिखाई दे रहे थे। जिस पर मृतक की पत्नी ने उक्त निशान का कारण पूछा तो विजय ने अपने वाहन से गिरने की बात कही।

वही आज सुबह भी विजय सामान्य दिनों की तरह उठा और अपने रोजमर्रा के काम में जुट गया।पत्नी ने बताया कि विजय ने दोपहर 1 बजे करीब परिवार के साथ भोजन किया और कुछ देर आराम करने के लिए अपने कमरे में चला गया। अपने कमरे से कुछ देर बाद वापस लौटने के दौरान विजय अचेत होकर अपने घर में गिर पड़ा।

इस दौरान घर में मौजूद उसकी पत्नी ने पड़ोसियों की मदद से विजय को जिला अस्पताल पहुंचाया जहा डॉक्टरों ने विजय को मृत घोषित कर दिया। वही डॉक्टरों और विजय के कमरे की निशानदेही पर मृतक की मौत का कारण पोटास का सेवन बताया जा रहा है। जानकारी मिलने पर अस्पताल पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम हेतु भिजवाया।

वही सूत्रों के अनुसार मृतक का किसी व्यक्ति से रुपयो का लेनदेन था। जिस वजह से उसके साथ मार पीट की गई थी। और उसी के चलते अपमानित हुए विजय ने आत्महत्या का कदम उठाया। फिलहाल मृतक की पत्नी के अनुसार किसी भी प्रकार रुपयों की लेन देन की पुष्टि नहीं हुई है।पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

You may have missed