April 27, 2024

गरोठ विधानसभा उप चुनाव की मतगणना 30 जून को

मतगणना के 19 राउण्ड होंगे

मंदसौर,29 जून(इ खबरटुडे)। जिले के विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र 227-गरोठ के उप चुनाव के लिये 27 जून को हुए मतदान के बाद 30 जून को मतगणना होगी। मंदसौर जिला मुख्यालय के राजीव गांधी शासकीय महाविद्यालय में 2 कक्ष में वोटों की गिनती सुबह 8 बजे से की जायेगी। इसके पहले कड़ी सुरक्षा के बीच स्ट्रांग-रूम से ईव्हीएम को निकाला जायेगा। कुल 14 टेबिल पर मतगणना की जायेगी। प्रत्येक कक्ष में 7-7 टेबिल लगाई जायेंगी। मतगणना के 19 राउण्ड होंगे। प्रत्येक राउण्ड के बाद प्रत्याशी को प्राप्त मतों की जानकारी दी जायेगी। गरोठ उप चुनाव में ऑल इंडिया कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी का एक-एक तथा 6 निर्दलीय प्रत्याशी ने चुनाव लड़ा है।

सुबह 8 बजे सबसे पहले डाक-मतपत्रों की गिनती होगी। मतगणना-स्थल पर सुबह 8 बजे तक जितने डाक-मतपत्र प्राप्त होंगे उन्हें मतगणना में शामिल करवाया जायेगा। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा नियुक्त सामान्य प्रेक्षक उपेन्द्र नारायण मतगणना-स्थल पर मौजूद रहेंगे। वोटों की गिनती के लिये लगायी गई 14 टेबिल के अलावा 3 अतिरिक्त टेबिल लगायी जायेंगी। इनमें से एक-एक टेबिल निर्वाचन अधिकारी (आर.ओ), सहायक निर्वाचन अधिकारी (ए.आर.ओ.) और डाक-मतपत्र की गिनती के लिये होगी। आर.ओ. और ए.आर.ओ. अलग-अलग कक्ष में बैठेंगे। मतगणना के लिये 68 अधिकारी-कर्मचारी को तैनात किया गया है। प्रत्येक टेबिल पर एक-एक मतगणना सहायक, सुपरवाइजर, माइक्रो आब्जर्वर और भृत्य तैनात रहेगा।

मतगणना-स्थल पर त्रि-स्तरीय कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। मतगणना केन्द्र के लिये केवल पासधारियों को प्रवेश दिया जायेगा। मतगणना-स्थल पर केमरा, मोबाइल आदि ले जाने पर पाबंदी रहेगी। मतगणना की वीडियो रिकार्डिंग भी करवायी जायेगी। उल्लेखनीय है कि उप चुनाव में मतदान का प्रतिशत 71.36 रहा है। मतगणना में ईव्हीएम के जरिये डाले गये एक लाख 55 हजार 934 वोट की गिनती की जायेगी।

विधानसभा चुनाव-2013 में एक लाख 63 हजार 892 वोट डाले गये थे। उस समय भारतीय जनता पार्टी के राजेश यादव को कुल 88 हजार 525 (55.50 प्रतिशत) वोट प्राप्त हुए थे। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के सुभाष कुमार सोजतिया को 62 हजार 770 (39.35 प्रतिशत) वोट प्राप्त हुए थे। राजेश यादव 25 हजार 755 वोट से विजयी हुए थे।

उम्मीदवार

क्र.               नाम                           राजनैतिक दल

1.      सुभाष कुमार सोजतिया   भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस

2.       चंदर सिंह सिसोदिया       भारतीय जनता पार्टी

3.         अब्दुल रशीद                       निर्दलीय

4.           मेहमूद                              निर्दलीय

5.       प्रहलाद सिंह चौहान                निर्दलीय

6.           बलराम                               निर्दलीय

7.         देवीलाल धाकड़                    निर्दलीय

8.       श्यामलाल मालवीय              निर्दलीय

You may have missed

Here can be your custom HTML or Shortcode

This will close in 20 seconds