April 26, 2024

मृतक तरुण का अंतिम संस्कार संपन्न,स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में,पांच संदिग्ध हिरासत में

रतलाम,22 सितम्बर (इ खबरटुडे)। बीती रात बजरंग दल कार्यकर्ता की नृशंस हत्या के बाद उत्पन्न तनाव अब घटता जा रहा है। मृतक तरुण के अंतिम संस्कार में शामिल हजारों लोग अपने घरों को लौट चुके है। स्थिति पूरी तरह शांतिपूर्ण बनी हुई है और किसी अप्रिय घटना की खबर नहीं है। पुलिस ने तरुण की हत्या के मामले में पांच संदिग्धों को हिरासत में लिया है।
बजरंग दल कार्यकर्ता तरुण सांकला के पोस्टमार्टम के बाद भारी भीड के बीच उसका शव उसके घर ले जाया गया। उसकी अंतिम यात्रा में भी हजारों लोग शामिल हुए। त्रिवेणी स्थित मुक्तिधाम में मृतक का अंतिम संस्कार किया गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए शहर में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। शवयात्रा में शामिल लोग अपने घरों को लौट चुके है और तनाव तेजी से घट रहा है।
जिला दण्डाधिकारी सुश्री तन्वी सुन्द्रियाल ने बताया कि शहर में स्थिति तेजी से सामान्य हो रही है। प्रशासन और पुलिस के अधिकारी स्थिति पर नजर रखे हुए हैं और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। सुश्री सुन्द्रियाल ने बताया कि स्थिति पूर्णत: नियंत्रण में है। फिलहाल किसी प्रकार की निषेधाज्ञा जारी नहीं की गई है। उन्होने नागरिकों से अपील की है कि वे अफवाहों से सावधान रहे। प्रशासन ने न तो कफ्र्यू का आदेश दिया है ना ही धारा १४४ लगाई गई है। सुबह अनेक निजी स्कूल संचालकों ने स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया था। कलेक्टर के मुताबिक प्रशासन की ओर से ऐसा कोई आदेश जारी नहीं किया गया है। स्कूल संचालकों ने स्कूलों में छुट्टी का निर्णय स्वयं ही कर लिया।
पुलिस अधीक्षक अमित सिंह ने बताया कि तरुण की हत्या के मामले में पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी के फुटेज भी पुलिस ने खंगाले है। इस मामले में पांच संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है। बहुत जल्दी पुलिस मामले का खुलासा कर देगी। एसपी श्री सिंह के मुताबिक शहर में पूरी तरह शांति बनी हुई है। एहतियात के तौर पर शहर भर में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है,जिससे कि किसी प्रकार की गडबडी ना फैलाई जा सके।

You may have missed

Here can be your custom HTML or Shortcode

This will close in 20 seconds