April 24, 2024

लम्पिक 2012 के पदक विजेताओं का नागरिक अभिनन्दन होगा : मुख्यमंत्री श्री चौहान

हॉकी को गोद लेने को तैयार है मध्यप्रदेश,सुशील और विजय कुमार को मिलेंगे एक-एक करोड़
भोपाल 30 अगस्त (इ खबर टुडे ) मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि कुश्ती में रजत पदक विजेता  सुशील कुमार सहित लंदन ओलम्पिक 2012 के पदक विजेताओं का भोपाल में नागरिक अभिनंदन किया जायेगा। रजत पदक विजेताओं को एक-एक करोड़ रूपये और अन्य को 50-50 लाख रूपये नगद राशि के पुरस्कार दिये जायेंगे। उन्होंने अन्तर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में विजेता खिलाड़ियों को मिलने वाली पुरस्कार राशि दुगुनी करने की घोषणा भी की। श्री चौहान आज यहाँ टी.टी.नगर स्टेडियम सभागार में शिखर सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे। समारोह का आयोजन मध्यप्रदेश खेल एवं युवक कल्याण विभाग द्वारा किया गया था।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद को विनम्र श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि मेजर ध्यानचंद भारत रत्न के पहले हकदार हैं। उन्होंने कहा कि वे दिन गये जब हमारे खिलाड़ी केवल भागीदारी के लिये खेलते थे। अब हम जीतने के लिये खेलते हैं। देश के सम्मान के लिये खेलते हैं। उन्होंने कहा कि जीत भारत के गौरव और आत्म-सम्मान से जुड़ी है। इसके लिये कड़ी मेहनत के अलावा कोई रास्ता नहीं है।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने सुशील कुमार को मध्यप्रदेश में नई पीढ़ी को कुश्ती सिखाने का आमंत्रण दिया। इसके लिये राज्य सरकार सभी सुविधाएँ उपलब्ध करवायेगी। खेलों और खेल प्रतियोगिताओं में भागीदारी और जीत को देश सम्मान और गौरव से जोड़ते हुए उन्होंने कहा कि भारत जैसे खेल प्रतिभाओं से सम्पन्न देश के लिये ओलम्पिक में पदकों की संख्या कम है। उन्होंने खिलाड़ियों का आव्हान किया कि वे रियो 2016′ ओलम्पिक में पदकों की झड़ी लगा दे।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि प्रदेश में हॉकी प्रतिभाओं का स्वागत है। उन्हें सभी सुविधाएँ दी जायेगी। भारत सरकार से भी अनुरोध किया जायेगा कि वह प्रदेश को हॉकी खेल को गोद लेने की अनुमति दे। रियो 2016 के लिये प्रदेश हॉकी प्रतिभाओं को तराशने की जिम्मेदारी लेने को तैयार है। राज्य में खेलों को बढ़ावा देने के लिये धन की कोई कमी नहीं है। खिलाड़ी जीतने का जज्बा लेकर स्वयं को तैयार करें। अपनी प्रतिभा और क्षमता को पहचाने, आगे बढ़े और देश का गौरव बढ़ायें। उन्होंने कहा कि राज्य में खिलाड़ी कल्याण कोष स्थापित किया गया है। इससे आगे बढ़कर उत्कृष्ट खिलाड़ियों को शासकीय सेवा में अवसर भी दिये जा रहे हैं। खेल विकास प्राधिकरण की स्थापना की गयी है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ी पूरी मेहनत करे, सरकार अपनी जिम्मेदारी पूरी करेगी।

खेल एवं युवक कल्याण मंत्री तुकोजी राव पवार ने कहा कि प्रदेश के खिलाड़ी सुशील कुमार से प्रेरणा लेकर देश – प्रदेश के गौरव को बढ़ायेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के प्रयासों से देश में खेल के क्षेत्र में मध्यप्रदेश की नई पहचान बनी है। पहली बार राष्ट्रपति द्वारा मध्यप्रदेश को खेलों के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यों के लिये पुरस्कृत किया गया है।

सुशील कुमार ने अपने संक्षिप्त भावपूर्ण संबोधन में कहा कि वे अलंकरण समारोह में शामिल होकर गर्व का अनुभव कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कुश्ती में स्वर्ण पदक जीतना ही लक्ष्य है। उन्होंने सम्मानित खिलाड़ियों को शुभकामना देते हुए आव्हान किया कि वे कड़ी मेहनत करें और देश के लिये पदक जीतें। संचालक खेल एवं युवक कल्याण शैलेन्द्र श्रीवास्तव ने अतिथियों का स्वागत करते हुए विभागीय गतिविधियों की जानकारी दी।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने प्रदेश प्रतिभा सम्पन्न खिलाड़ियों की उपलब्धियों पर केन्द्रित स्मारिका का विमोचन भी किया। समारोह में खेल एवं युवक कल्याण विभाग द्वारा प्रदेश की खेल उपलब्धियों पर आधारित शानदार लेजर शो का प्रदर्शन किया गया। सुश्री सुहासिनी जोशी ने वंदे मातरम् और मध्यप्रदेश गान का गायन किया।

शिखर खेल अंलकरण 2012

समारोह में हिमांशु धाकड़ को तैराकी, विशाल विश्वकर्मा को फेन्सिंग, भूपेन्द्र यादव को ताइक्वांडो, कु. निशा जाटव को बाक्सिंग, कु. एकता यादव को सेलिंग, कु. मोना सेंगर को कबड्डी,  शुभम राज पटेल को वुशु, कु. प्रियंका डाबी को थ्रो बाल,  धीरज दवे को कुश्ती, कु. रिया डेविड को साफ्ट टेनिस,  अमीत कनर्जी तथा  जयनेश पटेल को बास्केटबाल में संयुक्त पुरस्कार,  सत्यपाल तोमर को क्याकिंग केनोइंग तथा कु. आनंदिता गुप्ता को स्क्वैश के लिए एकलव्य पुरस्कार से सम्मानित किया गया। निशानेबाज ओशिन की अनुपस्थिति में उनकी मां श्रीमती शिवानी टवानी ने पुरस्कार ग्रहण किया। इसी प्रकार विक्रम पुरस्कार से कु. अंजुल नामदेव को वूशु खेल, कु. लतिका भण्डारी को ताइक्वांडो, अंकित शर्मा को एथेलेटिक,  प्रकाश मिश्रा को बास्केटबाल,  कुशल थापा को कराते,  नितिन शर्मा को पावर लिफ्टिंग,  अभय सिंह को क्याकिंग एवं केनोइंग, कु. शिवांगी झालानी को शूटिंग, कु. रेणु महाजन को फेन्सिंग तथा कु. रजनी झा को तैराकी खेल (निःशक्तजन) को पुरस्कृत किया गया।

विश्वामित्र अवार्ड से सम्मानित होने वाले प्रशिक्षकों में  मनोज कुमार दुबे-कराते, सुश्री कमला रावत-जूडो तथा  दिलीप पटेल-बास्केटबाल सम्मिलित हैं। एक लाख रुपये का लाईफ टाईम अचीवमेन्ट अवार्ड शकील अहमद कुरैशी को हॉकी खेल की उल्लेखनीय सेवा पर दिया गया। इस अवसर पर वर्ष 2011 के एकलव्य, विक्रम और विश्वामित्र पुरस्कार विजेताओं को इनाम की बढ़ी हुई राशि प्रदान की गई।

समारोह में मध्यप्रदेश ओलम्पिक संघ के अध्यक्ष  रमेश मेंदोला, विधायक  ध्रुवनारायण सिंह, विधायक  जितेन्द्र डागा, ओलम्पिक खिलाड़ी तुषार खांडेकर, स्नूकर के अन्तर्राष्ट्रीय खिलाड़ी  कमल चावला, मध्यप्रदेश कुक्कुट विकास निगम के अध्यक्ष शैतान सिंह पाल, सचिव खेल एवं युवक कल्याण  अशोक शाह सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी, अभिभावक, प्रशिक्षक और खेल प्रेमी उपस्थित थे।

खिलाड़ियों के सम्मान में हाई टी

इससे पहले आज प्रातः मुख्यमंत्री श्री चौहान ने खिलाड़ियों के सम्मान में हाई टी का आयोजन किया। ओलम्पिक में भारत को रजत पदक दिलाने वाले कुश्ती के खिलाड़ी  सुशील कुमार सहित प्रतिभा सम्मान समारोह में सम्मानित होने वाले प्रदेश के खिलाड़ी विशेष रूप से उपस्थित थे। गृह मंत्री  उमाशंकर गुप्ता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री  तुकोजीराव पवांर, तीर्थ एवं मेला विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष  मेघराज जैन और राज्यसभा सदस्य  प्रभात झा भी इस अवसर पर मौजूद थे।

You may have missed

Here can be your custom HTML or Shortcode

This will close in 20 seconds