September 22, 2024

सर्व शिक्षा अभियान के अपूर्ण कार्यों की होगी समीक्षा

जावरा विधायक डॉ पाण्डेय ने शिक्षा,स्वास्थ्य,सहित विभिन्न मामले उठाये

जावरा,25 जुलाई(इ खबरटुडे)। रतलाम जिले के शिक्षा विभाग में लंबे समय से अपूर्ण कार्यो के लिए दोषियों के खिलाफ कार्यवाही की जायेगी।जिले की अलग से समीक्षा की जाएगीयह बात प्रदेश के स्कूल शिक्षा मंत्री विजय शाह ने जावरा विधायक डॉ राजेन्द्र पाण्डेय के सवाल का जवाब देते हुए कहा। विधायक डॉ पाण्डेय ने विधानसभा के मानसून सत्र में रतलाम जिले में सर्व शिक्षा अभियान के तहत विगत वर्षो में स्वीकृत सभी प्रकार के विद्यालय भवन,बालिका शौचालय,अतिरिक्त कक्ष और मरम्मत के कार्यो की अपूर्णता सम्बन्धी सवाल लगाया।जिसमे कहा गया कि लगभग एक दशक से अधिक समय होने के बावजूद हजार से अधिक कार्य अभी भी अपूर्ण है और उन कार्यो की राशि आहरित कर दी गयी है।जिस पर शिक्षा मंत्री श्री शाह का कहना था कि समय पर निर्माण एजेंसियां कार्य पूर्ण नहीं करती है।साथ ही कई मामले न्यायालय में चले जाते है,जिनके निपटारे के लिए कलेक्टरों को निर्देश दिए जा रहे है।वे स्वयं प्रति सफ्ताह निर्माण कार्यो की समीक्षा करेगे।रतलाम जिले की समीक्षा स्वयं करेगें।अधूरे निर्माण में दोषियों के खिलाफ कार्यवाही की जायेगी। विधायक डॉ पाण्डेय ने जावरा के चिकित्सालयों में रिक्त पदों का भी सवाल लगाया।जिस पर स्वास्थ्य मंत्री रुस्तम सिंह ने बताया कि जावरा सिविल हॉस्पिटल 100 बिस्तर एवं महिला चिकित्सालय 30 बिस्तर की क्षमता वाले चिकित्सालय है। सिविल हॉस्पिटल जावरा में प्रथम और द्वितीय श्रेणी के 32 चिकित्सकों के पदों में से 18 एवं तृतीय श्रेणी के 71 चिकित्साकर्मियों में से 26 पद रिक्त है।महिला चिकित्सालय में तृतीय श्रेणी के 16 चिकित्साकर्मियों में से 8 पद रिक्त है,जिनकी पूर्ति के लिए शासन स्तर से प्रयास किये जा रहे है। जावरा विधायक डॉ पाण्डेय ने जावरा मॉडल स्कूल में रिक्त स्टाफ की पदपूर्ति को लेकर प्रश्न लगाया,जिस पर शिक्षा मंत्री श्री शाह ने बताया कि माध्यमिक शिक्षा मण्डल द्वारा संचालित आदर्श (मॉडल)स्कूल में प्राचार्य सहित विभिन्न शिक्षकों एवं कर्मचारियों के 60 पद स्वीकृत किये गए है,जिसमे से 18 पद रिक्त है। जिनकी पदपूर्ति के लिए प्रयास किये जा रहे है। प्रदेश में मिलावटी खाद्य वस्तुओं के विक्रय का मामला भी विधायक डॉ पाण्डेय ने उठाया।जिस पर स्वास्थ्य मंत्री रुस्तम सिंह ने बताया कि पीसे मसाले को खुले में विक्रय करना प्रतिबंधित किया हुआ है। मिलावटी सामग्री के विक्रय करने के मामलो में खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम के तहत बीते तीन वर्षों में 2640 प्रकरण न्यायालय में पंजीबद्ध किये गए है।

फसलों के नष्ट होने का मामला उठाया

विधानसभा में जावरा विधायक डॉ राजेन्द्र पाण्डेय ने जावरा विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत कई गाँवों में फसलें नष्ट होने का मामला उठाया।डॉ पाण्डेय ने कहा कि जावरा विकासखण्ड के ग्राम नेतावली,रोला,रीछागुर्जर,धतरावदा, गोंदिशंकर, गोंदिधर्मसी, माण्डवी,सहित कई गाँवों में बोवनी के बाद फसल नष्ट हो गयी है। कृषि और राजस्व अधिकारियो ने ठोस कार्यवाही भी नहीं की है। डॉ पाण्डेय ने इन गाँवों में फसल बीमा का लाभ दिए जाने की मांग की है।

You may have missed