May 10, 2024

बकाया वसूली शत प्रतिशत किये जाने हेतु निगम के विभिन्न विभागों की समीक्षा बैठक

रतलाम 4 मार्च (खबरटुडे) निगम से संबंधित करों की बकाया वसूली शत प्रतिशत हो इस उद्देश्य से महापौर डॉ0 (श्रीमती) सुनीता यार्दे, निगम आयुक्त श्री सोमनाथ झारिया, राजस्व समिति प्रभारी श्री मंगल लोढ़ा के साथ निगम के विभिन्न विभागों के विभाग प्रमुख एवं कर्मचारियों की बैठक निगम सभागृह में लेकर शत प्रतिशत बकाया राशि वसूलने के निर्देश दिये।

बैठक में भवन/भूखण्डों का संपत्तिकर, दुकाने/गुमटी, जलकर, लायसेंस आदि विभागों की पृथक-पृथक समीक्षा कर अधिकारी कर्मचारियों से बकाया राशि शत-प्रतिशत वसूलने के निर्देश दिये गये।

संपत्तिकर की बकाया राशि वसूलने हेतु शिविरों के अलावा दल बनाकर घर-घर जाकर बकाया राशि वसूलने के निर्देश देने के साथ 5000 स्क्वेयर फीट तक के व्यावसायिक प्रतिष्ठानों एवं भवनों सूची बनाई जाकर उनकी नपती किये जाने के निर्देश बैठक में दिये गये।

विकास शाखा की दुकानें आदि की वसूली हेतु सूचना-पत्र जारी किये जाने एवं राजस्व की दुकानें एवं गुमटी की वसूली तत्परता से किये जाने हेतु विशेष दल बनाये जाकर समय-सीमा में किये जाने एवं वसूली के लिए नोटिस के पश्चात समय-सीमा में कुर्की वारंट जारी किये जाने के निर्देश बैठक में दिये।

महापौर ने वसूली में वृद्धि किये जाने हेतु अधिकारी एवं कर्मचारियों से सुझाव भी लिये निगम आयुक्त श्री झारिया ने निर्देशित किया कि प्रतिदिन की वसूली की जानकारी उपलब्ध कराई जाये जिसकी साप्ताहिक समीक्षा की जायेगी। जलकर विभाग के सुझाव पर कुछ कालोनियों में पृथक से बकाया वसूली शिविर लगाने पर सहमति दी गई।

राजस्व समिति प्रभारी मंगल लोढ़ा ने कहा कि निगम के राजस्व में वृद्धि होगी तो शहर विकास में इजाफा होगा इस हेतु अधिकारी एवं कर्मचारी निगम के विभिन्न करों की बकाया राशि शत-प्रतिशत वसूल कर वसूली का ग्राफ बढ़ायें।

आयोजित समीक्षा बैठक में उपायुक्त राजेन्द्र कोठारी, प्रभारी कार्यपालन यंत्री जलप्रदाय एस.एस. राजावत, लेखा अधिकारी श्याम व्यास, संपत्तिकर अधिकारी श्री संदेश शर्मा, स्वास्थ्य अधिकारी श्री राजेन्द्रसिंह पवांर, कार्यालय अधीक्षक श्रीमती निर्मला मालवीय, प्रभारी सहायक यंत्री आर.एम. सक्सेना, लेखापाल विजय बालोद्रा सहित विभिन्न विभागों के कर्मचारी उपस्थित थे।

 

You may have missed

Here can be your custom HTML or Shortcode

This will close in 20 seconds