June 16, 2024

ट्रेन से गिरकर किशोर की मौत

रतलाम, 12 जून(इ खबरटुडे)। रतलाम नागदा रेलवे ट्रेक पर बांगरोद के निकट एक युवक की ट्रेन से गिरने की वजह से मौत हो गई। मृतक नागदा का रहने वाला है और रतलाम में आयोजित एक विवाह समारोह में केटरिंग के कार्य के लिए आया था। शुक्रवार सुबह वापस नागदा लौटते समय यह हादसा हुआ।
अधिकारिक जानकारी के अनुसार मृतक का नाम आकाश पिता मोहनसिंह 14 वर्ष निवासी बिरलाग्राम (नागदा) है। आकाश और उसके सात अन्य साथी गुरुवार को रतलाम में केटरिंग के कार्य के लिए आए थे। 3 साथी रात में ही पुन: नागदा लौट गए थे, जबकि आकाश और चार अन्य साथी शुक्रवार सुबह मथुरा लोकल ट्रेन से नागदा के लिए निकले। बांगरोद चौकी प्रभारी अमितसिंह कुशवाह ने  बताया कि प्रारंभिक रुप से जो सामने आ रहा है, उसके अनुसार बांगरोद स्टेशन के कुछ पहले आकाश बाथरुम करने गया था, जहा गेट पर उसका संतुलन बिगड़ा और वह अचानक ट्रेन से नीचे गिर गया। घटना के बाद ट्रेन को रोका गया। बांगरोद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पीएम के लिए रतलाम लाया गया। आकाश के चारों साथी भी पुलिस के साथ रतलाम आए। पुलिस ने उसके परिजनों को सूचित कर रतलाम बुलवाया। जानकारी के अनुसार घटना के कारण मुंबई से इंदौर जा रही दुरंतो एक्सप्रेस को भी कुछ देर के लिए रोकना पड़ा था।

You may have missed