April 29, 2024

चार गुना कीमत हुई बेगमबाग फोरलेन की

अभी बाधाएं शेष, निर्माण के लिए प्रक्रियाएं तेज

उज्जैन,25 मार्च (इ खबरटुडे) । बेगमबाग फोरलेन का काम प्रारंभिक रुप से जब शुरु हुआ था तब इसका ठेका 13 फीसदी गिरावट की दर के साथ जारी किया गया था। करीब 1.25 करोड़ की लागत से मुख्य मार्ग से इसका निर्माण होना था। दिसंबर 2014 में ठेका निरस्त हुआ। नई निविदा निकाली गई। वर्तमान में कुछ और हिस्सा जोड़ने के साथ यह निर्माण 6.79 करोड़ का हो गया है। इंटर प्रिटेशन सेंटर से आ रहा मार्ग भी इसमें जोड़ा जा रहा है।
हरिफाटक रोड से महाकाल के पिछले हिस्से तक फोरलेन मार्ग का निर्माण करने की योजना नगर निगम के हाथों में जब तक रही तब तक वह पूर्ण नहीं हो सकी। इस मार्ग का काम लोक निर्माण विभाग को मुख्यमंत्री के हस्तक्षेप के बाद सौंपा गया है। नगर निगम ने ठेकेदार का ठेका दिसंबर 2014 में निरस्त कर दिया। इसके बाद इस मार्ग को लेकर लोक निर्माण विभाग ने निविदा जारी की थी। इसका ठेका दिलीप बिल्डकान को दिया गया है। पूर्व ठेकेदार अनेक बाधाओं के कारण इस कार्य को नहीं कर सका। नगर निगम के अधिकारी बार-बार योजना में परिवर्तन की स्थिति लाते रहे। फोरलेन मार्ग निर्माण में आ रही बाधाओं को हटाने में निष्क्रिय रहे। इसके चलते ठेकेदार और नगर निगम के बीच असमन्वय की स्थिति बनी रही। इसके चलते निर्माण पर इसका असर रहा।

75 में से 73 मकान हटाए

बेगमबाग फोरलेन योजना के प्रारंभ में यहां स्थित 75 मकानों को चिन्हित किया गया था। योजना अमल में लाने के साथ ही यहां से 73 मकानों को हटाया गया। इन मकानों के रहवासियों को जेएनएनयूआरएम के तहत बनाए गए गरीबी आवास में स्थान दिया गया, या यूं कहें कि पुनर्वास किया गया था। अब भी इस स्थान पर 2 मकान नहीं हट सके हैं, जिनके कारण एक स्थान के बाद सड़क की चौड़ाई का प्रभावित होना माना जा रहा है।

12 मकानों को लेकर चली थी फाइल

नगर निगम के सूत्र बताते हैं कि फोरलेन में नाले के विपरीत हिस्से में 12 मकानों का चिन्हांकन उपयंत्री संजय मराठा ने किया था। कार्यपालन यंत्री रामबाबू शर्मा एवं अधीक्षण यंत्री व्ही.के. सोनी ने अतिक्रमण हटाने को लेकर कार्रवाई भी पूर्ण की थी। इस कार्रवाई को पूर्ण करने के साथ आयुक्त के समक्ष फाइल पेश की गई थी। इसके बाद से ही यह मामला पूरी तरह से दबा पड़ा है।

क्या होगा नाले और रिटर्निंग वॉल का?

निगम सूत्रों का कहना है कि फोरलेन रोड के निर्माण के साथ ही नगर निगम ने नाले के निर्माण के लिए टेण्डर बुलाए थे। इसका वर्क ऑर्डर भी जारी कर दिया गया था। 2 वर्ष पूर्व इस कार्य के साथ रिटर्निंग वॉल का वर्क ऑर्डर भी टेण्डर के मुताबिक संबंधित फर्म को जारी किया जा चुका था। इसके बाद भी आज तक न तो नाले का निर्माण हुआ और न ही रिटर्निंग वॉल का।

क्या होगा 35 लाख की पुलिया का?

निगम से जुड़े सूत्र बताते हैं कि फोरलेन के नजदीक नाले का निर्माण किया जाना है। नाले में शहरभर का पानी आता है। इस नाले का निर्माण पूरे तकनीकी रुप से किया जाना है। नाले के अगले हिस्से में एक पुलिया का निर्माण करीब 35 लाख की लागत से उपयंत्री पीयूष भार्गव ने करवा दिया। इस पुलिया को तकनीकी रुप से लोक निर्माण विभाग के अधिकारी अभी तक उपयोग ही नहीं मान रहे हैं। इसके चलते पुलिया पर हुए खर्च के हालात साफ नहीं हुए हैं।

वर्क ऑर्डर की अपेक्षा में निर्माण शुरु

बेगमबाग फोरलेन निर्माण कार्य नई ठेका कंपनी दिलीप बिल्डकॉन ने शुरु कर दिया है। लोक निर्माण विभाग के सूत्र बता रहे हैं कि कंपनी को अभी तक इसका कार्य आदेश जारी नहीं हुआ है।

इनका कहना है

दिलीप बिल्डकॉन ने काम चालू कर दिया है। बिजली पोल की शिफ्ंटिग चल रही है। इसी में डिपी भी हटा दी जायेगी। मकान का हिस्सा हटाना है। शासन स्तर से बात हुई है, वर्क ऑर्डर की अपेक्षा में काम शुरु करवा दिया है, सिंहस्थ का काम है।

– पी.जी. केलकर, कार्यपालन यंत्री, सिंहस्थ संभाग, उज्जैन

बाधा जो भी है उन्हें हटा दिया जायेगा। सिंहस्थ का काम है समय पर पूरा किया जायेगा।

– कविन्द्र कियावत, कलेक्टर, उज्जैन

You may have missed

Here can be your custom HTML or Shortcode

This will close in 20 seconds