July 3, 2024

मथुरी व डोसी गांव में किसान सम्मान यात्रा का आयोजन

रतलाम,14 अप्रैल(इ खबरटुडे)। किसानों ने देश में मध्यप्रदेश का मान बढाया है। प्रदेश को लागातार पांच वर्षों तक कृषि कर्मण अवार्ड मिलना गौरव की बात है। मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान द्वारा किसानों की इसी उपलब्धि पर प्रदेश में किसान सम्मान यात्रा निकाली जा रही है। किसान हित में प्रदेश सरकार ने अब तक कोई कसर नहीं छोड़ी है। भविष्य में भी सरकार खेती को लाभ का धंधा बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ेगी।

यह बात विधायक राज्य योजना आयोग उपाध्यक्ष चेतन्य काश्यप ने ग्राम मथुरी एवं डोसी गांव में किसान सम्मान यात्रा के दौरान कही। उन्होंने प्रदेश सरकार द्वारा कृषि के विकास के लिए किए गए कार्यों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ने 10 वर्ष में किसानों की आय दुगनी करने का लक्ष्य रखा था। इसे पुरा करते हुए प्रदेश में सिंचाई का रकबा 8 गुना बढ़ाया है। वर्तमान में 40 लाख हेक्टेयर में खेती हो रही है। इसे 2022 तक 80 हजार हेक्टेयर करने का लक्ष्य रखा गया है। श्री काश्यप ने कहा पानी और बिजली के क्षेत्र में भी सरकार ने कई योजनाएं लाकर खेती का विकास किया है।

हाल ही में कृषक समृद्ध योजना की घोषणा की गई है कि जिसमें पिछले साल बेची गई फसलों पर समर्थन मूल्य की अंतर राशि दी जाएगी। भावांतर योजना के तहत प्रदेश में जो कार्य किया है उस पर पूरे देश की निगाह लगी है। किसानों ने अथक मेहनत कर कृषि के क्षेत्र में प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। भाजपा किसान मोर्चा के माध्यम से उनका सम्मान कर पार्टी अन्नदाताओं का सम्मान कर रही है।
मथुरी में भाजपा जिलाध्यक्ष कान्हसिंह चौहान ने कहा कि प्रदेश के सभी 230 विधानसभा क्षेत्रों में किसान सम्मान यात्रा निकाली जा रही है। दुनियां में आज विश्वास का बहुत बढ़ा संकट है। लेकिन प्रदेश में मतदाताओं विशेषकर किसानों ने भाजपा के प्रति जो विश्वास जताया है यह यात्रा उसी का धन्यवाद करने के लिए निकाली गई है। जिला महामंत्री मनोहर पोरवाल ने भी संबोधित किया। डोसी गांव में नगर निगम अध्यक्ष अशोक पोरवाल ने विचार रखे।

कार्यक्रम के दौरान मथुरी में धन्नालाल पाटीदार, ऊंकारलाल पाटीदार, छोगालाल, भेरूलाल राठौड़, मानसिंह भाभर तथा डोसी गांव में शंकर मईड़ा, सुभाष पाटीदार, रूपचंद पाटीदार, परमानंद व चंपालाल पाटीदार सहित कई किसानों का सम्मान किया गया। संचालन किसान मोर्चा के जिला महामंत्री धमेन्द्रसिंह देवड़ा ने किया। इन आयोजनों में किसान मोर्चा के मंडल अध्यक्ष बद्रीलाल पाटीदार, रवि व्यास, मंडल महामंत्री मनोज शर्मा, पार्षद मनीषा शर्मा सहित बढ़ी संख्या में ग्रामीण व कृषकगण उपस्थित थे।

You may have missed