May 4, 2024

आगर चुनाव में उज्जैन के नेताओं की ‘परीक्षा’

 विधानसभा उपचुनाव में उज्जैन  के नेताओं को महती जिम्मेदारियां

उज्जैन 18 अगस्त(इ खबरटुडे)।  विधानसभा उपचुनाव में उज्जैन  के नेताओं को एक बार फिर से परीक्षा देना पड़ रही है। आगर विधानसभा में हो रहे उपचुनाव के लिये उज्जैन  के चुनाव प्रबंधन के विशेष जानकारों को मैनेजमेंट की यह जिम्मेदारी दी गई है। उज्जैन  के कई दिग्गज चेहरे इस परीक्षा में बैठाये गये हैं। जल्द ही इस परीक्षा का परिणाम भी सामने होगा।
आगर विधानसभा क्षेत्र में हो रहे उपचुनाव के लिये मीसा बंदी और पूर्व नगर जिलाध्यक्ष जगदीश अग्रवाल को चुनाव प्रभारी की जिम्मेदारी प्रदेश भाजपा ने सौंपी है। भाजपा की ओर से यहां से पूर्व विधायक गोपाल परमार उपचुनाव में प्रत्याशी हैं। उपचुनाव में भाजपा पूरे मैनेजमेंट के फंडे के साथ चुनाव में उतरी है। पूरा प्रबंधन इसमें किया गया है। उज्जैन  के ही पूर्व नगर जिलाध्यक्ष अनिल जैन कालूहेड़ा भी आगर चुनाव में विशेष रुप से भेजे गये हैं। विकास प्राधिकरण के पूर्व अध्यक्ष किशोर खण्डेलवाल, वीरेन्द्र कावड़िया भी आगर चुनाव में अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं। युवा टीम में प्रदेश अध्यक्ष अमरदीप मौर्य,उज्जैन नगर जिलाध्यक्ष विशाल राजोरिया, जयंत गरुड़, दिनेश जाटवा, बहादुरसिंह राठौर, आगर में कमान संभाले बैठे हैं। आईटी सेल विधानसभा 2013 की तरह ही यहां हाईटेक तरीके से अपने काम को अंजाम दे रही है। सचिन सक्सेना आईटी टीम के साथ मतदाताओं तक पूरी पहुंच बनाने में लगे हुए हैं। मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान, भाजपा उपाध्यक्ष प्रभात झा, प्रदेश अध्यक्ष नरेन्द्रसिंह तोमर, मंत्री गोपाल भार्गव, मायासिंह, पारस जैन, उज्जैन  सांसद चिंतामणि मालवीय, यहां सभाएं लेकर मतदाताओं को एक बार फिर से पूरा विश्वास दिलाने में लगे हुए हैं।
चुनाव बाद मिलेगा फल
विधानसभा चुनाव के बाद उज्जैन  के कई नेता लाल-पीली बत्ती के लिये जोर आजमाइश कर रहे हैं। मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने अभी उज्जैन  विकास प्राधिकरण सहित तमाम निगम मंडलों में नहीं के बराबर नियुक्तियां की हैं। इसके चलते विकास प्राधिकरण एवं अन्य निगम मंडलों में नियुक्तियां होनी है। आगर विधानसभा उपचुनाव के बाद परीक्षा का मीठा फल उज्जैन  के नेताओं को मिलना तय माना जा रहा है। मीठे फल की आस में ही कई नेता लगे हुए हैं।

You may have missed

Here can be your custom HTML or Shortcode

This will close in 20 seconds