July 6, 2024

अखिलेश और मायावती की प्रेस कॉन्फ्रेंस आज, पोस्टरों और झंडों से पटा लखनऊ

लखनऊ,12जनवरी(ई खबर टूडे)। लोकसभा चुनाव से पहले सपा और बसपा आज अपने गठबंधन की घोषणा कर सकते हैं। दोपहर 12 बजे एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह घोषणा हो सकती है। इससे पहले लखनऊ की मुख्य सड़कें अखिलेश और मायावती के पोस्टरों के अलावा दोनों दलों के झंडों से सज गईं हैं।

भाजपा के विजय रथ को रोकने के लिए एक बार फिर दो बड़ी राजनीतिक पार्टियां गठबंधन करने जा रही हैं। दो वर्ष पूर्व विधानसभा चुनाव से पहले राजधानी लखनऊ के पांच सितारा ताज होटल में अखिलेश यादव और राहुल गांधी ने “यूपी के लड़के” और “यूपी को यह साथ पसंद है” नारे के साथ चुनावी गठजोड़ किया था।

अब लोकसभा चुनाव के मद्देनजर शनिवार को उसी होटल में अखिलेश यादव, मायावती से चुनावी गठबंधन करने जा रहे हैं। इस बीच कन्नौज में अखिलेश ने बसपा से गठबंधन होने की पुष्टि भी की है। सपा का तकरीबन ढाई दशक पहले बसपा से गठबंधन करने का फार्मूले हिट रहा था।

सपा प्रमुख अखिलेश यादव और बसपा प्रमुख मायावती शनिवार को संयुक्त प्रेस कांफ्रेंस में एक साथ मिलकर लोकसभा चुनाव लड़ने का एलान करेंगे। प्रदेश की राजनीति में धुर विरोधी माने जाने वाले सपा-बसपा का ढाई दशक बाद एक मंच पर आना सूबे की सियासत का बड़ा घटनाक्रम माना जा रहा है।

सूत्रों के मुताबिक, शनिवार को पहली बार आयोजित साझा पत्रकार वार्ता में मायावती और अखिलेश मिलकर लोकसभा चुनाव लड़ने और गठबंधन में अन्य समान विचारधारा वाले छोटे दलों को भी शामिल करने की घोषणा कर सकते हैं। हालांकि, सीटों के बंटवारे का विस्तृत ब्योरा बाद में ही सामने आने की उम्मीद है।

You may have missed