September 22, 2024

सावित्री नदी से अब तक 22 शव मिले

मुंबई,06अगस्त (इ खबरटुडे)। तीन दिन पहले मुंबई-गोवा हाईवे पर सावित्री नदी पर बना पुल टूट जाने से हुए हादसे में अब तक 22 शव ढूंढे जा चुके हैं। रायगढ़ जिले के महाड़ कस्बे के पास उफनाती नदी में चलाए जा रहे बचाव कार्य में वाहनों की तलाश के लिए भारी चुंबक का प्रयोग भी किया जा रहा है।

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस ने इस हादसे में 42 लोगों के नदी में बह जाने की आशंका जताई थी। इनमें 26 लोग राज्य परिवहन की दो बसों में सफर कर रहे थे और बाकी निजी वाहनों में। शुक्रवार शाम रायगढ़ की जिलाधिकारी शीतल तेली-उगले ने 22 शव ढूंढ लिए जाने की पुष्टि की।

दुर्घटना में लापता लोगों की तलाश में राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) के अलावा नौसेना भी लगी हुई है। तेज हवाएं चलने के कारण बचाव कार्य में अब हेलीकॉप्टर इस्तेमाल नहीं किए जा रहे, लेकिन रिवर राफ्ट्स और जैमिनी नौकाएं प्रयोग की जा रही हैं।

नदी में बहे वाहनों की तलाश के लिए चुंबक का प्रयोग किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि कुछ वाहनों के हिस्से प्राप्त हुए हैं। इनमें एक हिस्सा बस का और एक एसयूवी का कैरियर है। लेकिन, अधिकारियों ने इसकी पुष्टि नहीं की है कि हिस्से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों के ही हैं।

अधिकारियों का कहना है कि शनिवार को बचाव कार्य का दायरा और बढ़ाया जाएगा। शुक्रवार को बचाव कार्य में मदद के लिए कुछ स्थानीय मछुआरे भी आगे आए। उन्होंने नदी में जाल फैलाए हैं ताकि हादसे का शिकार हुए लोगों के शव अरब सागर में जाने से रोके जा सकें।

You may have missed