June 14, 2024

कंजरों के हमले में चार की मौत,1 घायल,दो लापता

आलोट के पास खजूरी देवडा में हुई वारदात,फायरिंग भी की कंजरों ने
रतलाम,18 सितम्बर(इ खबरटुडे)। जिले के आलोट तहसील मुख्यालय से करीब बीस किमी दूर स्थित ग्राम खजूरी देवडा में कंजरों के आतंक के कारण चार लोगों को अपनी जान गंवानी पडी,जबकि एक व्यक्ति गंभीर रुप से घायल हो गया। मौके पर मौैजूद सूत्रों के मुताबिक दो लोग अभी लापता है और उनकी खोज की जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों और घटना में हुए व्यक्ति से अब तक मिली जानकारी के अनुसार,कंजरों के एक दल ने सुबह करीब साढे आठ बजे एक बस पर अंधाधुंध फायरिंग की थी। इस फायरिंग में खजूरी देवडा निवासी जगदीश पिता पर्वत बलई २० बुरी तरह घायल हो गया। उसे जिला चिकित्सालय लाया गया। जगदीश से मिली जानकारी के अनुसार,सुबह करीब आठ बजे बरखेडा से घोंसला के मध्य चलने वाली बालाजी बस सर्विस की निजी यात्री बस पर कंजरों ने हमला किया था। करीब पन्द्रह बीस कंजर मोटर साइकिलों पर सवार होकर ग्राम रजला से इस बस का पीछा कर रहे थे और बस पर फायरिंग कर रहे थे। कंजरों का निशाना बस का चालक रजाक था,जिसकी किसी कंजर से पुरानी रंजिश बताई जाती है। इसी दौरान अपने पिता के लिए बीडी का बन्डल लेने दुकान पर गया गांव का जगदीश बलई कंजरों की फायरिंग की चपेट में आ गया। अंधाधुंध फायरिंग के बाद कंजरों का गिरोह वहां से भाग गया। घायल जगदीश को जिला चिकित्सालय भेजा गया।
गांव में हुई फायरिंग की सूचना मिलने के बाद पुलिस अधिकारी भी गांव में पंहुचे। घटना की बारे में जानकारी लेने,मौका मुआयना करने और कंजरों की तलाश के लिए पुलिस का दल नजदीक के गांव मि_नगढ तक गया। अनेक ग्रामीण जन भी पुलिस दल के साथ मौके पर पंहुचे थे। कुछ समय बाद पुलिस दल वहां से लौट गया। दोपहर करीब डेढ बजे पीछे रह गए ग्रामीणों पर कंजरों ने नदी के दूसरे किनारे से फायरिंग शुरु कर दी। कंजरों की फायरिंग से डरे लोग जान बचाने के लिए नदी में कूद गए। कंजरों के इस हमले में चार लोगों की मौत हो गई। मृतकों के नाम इमरान नि.खजूरी देवडा,भय्यू नि.विक्रमगढ,भुरू नि. नारायणगढ और रवि नि.आलोट बताए गए है। सूत्रों का कहना है कि दो लोग और घायल या मृत हो सकते है। उनकी तलाश की जा रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही आलोट एसडीओपी,थाना प्रभारी और एसडीएम आदि घटनास्थल पर पंहुच गए थे। समाचार लिखे जाने तक किसी भी प्रशासनिक या पुलिस अधिकारी से सम्पर्क नहीं किया जा सका। सभी दूरस्थ इलाके में होने से मोबाइल की पंहुच से दूर है। अधिकारिक जानकारी की प्रतीक्षा है।

You may have missed