May 17, 2024

Politics news : केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर को बड़ी जिम्मेदारी, चुनाव प्रबंधन समिति के संयोजक बनाए गए

भोपाल,15 जुलाई(इ खबर टुडे)। केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर को एक बड़ी जिम्मेदारी मिली है। इस साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए उन्हें मध्यप्रदेश चुनाव प्रबन्धन समिति का संयोजक नियुक्त किया गया है। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने केंद्रीय कृषि मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर को ये जिम्मदारी सौंपी है।

मध्यप्रदेश में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं। भारतीय जनता पार्टी ने अपनी चुनावी तैयारी तेज कर दी है। प्रदेश चुनाव प्रभारी भूपेंद्र सिंह यादव और सह प्रभारी अश्विनी वैष्णव को बनाने के बाद भाजपा ने केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर को चुनाव प्रबंधन समिति का संयोजक नियुक्त कर एक बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है।

नरेंद्र सिंह तोमर की भाजपा संगठन में काफी अच्छी पकड़ मानी जाती है। 2008 और 2013 में नरेंद्र सिंह तोमर के भाजपा प्रदेश अध्यक्ष रहते हुए ही भाजपा ने सत्ता जीती थी। 2018 के चुनाव में भाजपा के प्रदर्शन को देखते हुए अब संगठन एक बार फिर दिग्गज नेताओं को अहम जिम्मेदारी देकर उनका पूरा लाभ लेना चाहता है। वर्तमान में मोदी सरकार में केंद्रीय कृषि मंत्री के पद पर काबिज नरेंद्र सिंह तोमर की गिनती गृह मंत्री शाह के विश्वस्त नेताओं में होती है।

मौजूदा समय में तोमर मुरैना संसदीय क्षेत्र से सांसद हैं। इससे पहले वह ग्वालियर से सांसद थे। वह शिवराज सरकार में पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री रह चुके हैं। भाजपा के विधानसभा चुनाव के मैनेजमेंट का पूरा काम नरेंद्र सिंह तोमर पास के पास रहेगा। शिवराज सिंह चौहान भी मंत्री तोमर को सबसे विश्वसनीय और कर्मठ मानते हैं।

टिकट वितरण, रणनीति से लेकर डैमेज कंट्रोल तक का काम चुनाव प्रबंधन समिति का होता है। केंद्रीय मंत्री तोमर का ग्वालियर-चंबल के कार्यकर्ताओं के साथ ही प्रदेशभर के कार्यकर्ताओं से सीधा जुड़ाव है। तोमर बिहार, उत्तराखंड और उत्तरप्रदेश के चुनाव प्रभारी और सह प्रभारी भी रह चुके हैं।

You may have missed

Here can be your custom HTML or Shortcode

This will close in 20 seconds