September 29, 2024

नाइट कर्फ्यू की पहली रात दिखी सख़्ती :बगैर मास्क घूम रही लड़की पुलिस व निगमकर्मियों से उलझी,पुलिस को देख युवक हार्ले डेविडसन बाइक छोड़ कर भागा

इंदौर,18 मार्च (इ खबरटुडे)। शहर में नाइट कर्फ्यू की पहली रात यानी बुधवार को पुलिस, प्रशासन और नगर निगम का हमला सख्त नजर आया। शहर में 20 से ज्यादा लापरवाहों को मास्क पहनाकर हवालात में बैठा दिया। पब, मेट्रो, कैफे और दुकान संचालकों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किए गए। पुलिस ने ऐसे प्रेमी जोड़ों को भी पकड़ा, जो बहाना बनाकर नाइट कर्फ्यू का आनंद लेने निकले थे। एक रसूखदार तो लाखों रुपये कीमती डेविडसन बाइक छोड़ कर भाग गया।

विजय नगर थाना प्रभारी तहजीब काजी के मुताबिक जिला दंडाधिकारी मनीष सिंह ने शहर के बाजार रात 10 बजे बंद करने के आदेश दिए थे। पुलिस रात आठ बजे से ही एक्शन मोड पर आ गई। उन लोगों की जांच की गई तो बगैर मास्क थे और शारीरिक दूरी का पालन नहीं कर रहे थे। विजय नगर चौराहा पर पुलिस और निगमकर्मियों ने एक युवक व युवती को रोका तो बहस करने लगे। दोनों मास्क लगाने से इन्कार कर दिया। इस पर दोनों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध धारा 188 के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया। युवती का नाम श्रध्दा गुप्ता और युवक का नाम प्रवीण सिंह है। मूलत: नेहरू नगर रीवा की रहने वाली श्रध्दा फिलहाल शीतल नगर में रहती है।

पेट दर्द का बहाना कर प्रेमिका को घुमाते पकड़ाया
पुलिस ने रात करीब 12 बजे एक युवक को रोका। युवक से देर रात घूमने का कारण पूछा तो कहा मेरी प्रेमिका के पेट में दर्द हो रहा है और मैं उसके उपचार के लिए आया हूं। पुलिस ने युवक से पर्चे मांगे और यह पूछा कि कहां जाना है तो सकपका गया। इसके बाद उसके विरुद्ध भी धारा 188 के तहत कार्रवाई कर दी। कुछ देर बाद एक बाइक (हार्ले डेविडसन) आते दिखाई दी। जवानों ने उसे रोकना चाहा तो बाइक छोड़ कर फरार हो गया। पुलिस ने उसकी बाइक जब्त कर ली है।

पब का मैनेजर भी गिरफ्तार
विजय नगर थाना पुलिस ने लाइट हाउस पब पर भी छापा मारा। यहां भीड़ लगाने के आरोप में मैनेजर को पकड़ लिया। उसके खिलाफ भी जिला दंडाधिकारी के आदेशों का उल्लंघन करने के आरोप में केस दर्ज किया है। इसके अलावा लसूड़िया थाना पुलिस ने राज, सरताज, महेश, राजकुमार, मनीष, रवि, धर्मवीर, प्रिंस और विनोद के विरुद्ध भी कार्रवाई की।

You may have missed

Here can be your custom HTML or Shortcode

This will close in 20 seconds