June 27, 2024

Indore news : बरात लेकर पहुंचा दू्ल्हा कर रहा था इंतजार, मगर प्रेमी संग भाग गई दुल्हन, दूल्हा बोला-बिना दुल्हन कैसे जाउंगा

इंदौर,19 मई(इ खबर टुडे)। शहर में बुधवार को अजीब वाकया हुआ। घोड़ी चढ़कर अपनी दुल्हन लेने पहुंचा युवक उस वक्त सदमे में चला गया जब पता चला कि दुल्हन प्रेमी के साथ भाग गई। दूल्हा यह सोचकर तनाव में आ गया कि अब क्या होगा। बिना दुल्हन के कैसे जाउंगा। सबको क्या कहुंगा। दूसरी लड़की से शादी करवाने की बात भी उसने कही लेकिन आखिरकार उसे बगैर दुल्हन के ही लौटना पड़ा।

मामला चिमनबाग क्षेत्र का है। यहां एक परिवार में बेटी की शादी थी। उज्जैन से बरात आने वाली थी। बुधवार को बरात दुल्हन के आंगन पहुंची। दूल्हा सजधजकर तैयार था कि कब दुल्हन को देखे मगर पता चला कि दुल्हन मेकअप करवाने पार्लर गई है। इसके बाद दूल्हे की बेताबी बढ़ने लगी लेकिन तभी खबर आई कि पार्लर से दुल्हन अपने प्रेमी के साथ भाग गई। उसकी तलाश की लेकिन नहीं मिली। इसके बाद दूल्हे का मुंह उतर गया और वह उदास हो गया। बाद में मामला थाने पहुंचा।

पुलिस के अनुसार दुल्हा टेबल टेनिस का कोच है। दोपहर को सगाई की रस्में हुई और समधी-समधन का मेल-मिलाप चल रहा था। एक दूसरे के साथ बैठकर खाना खा रहे थे। दोनों वर और वधु पक्ष ने तय किया की सगाई के बाद बरात आएगी और वरमाला की रस्में पूरी कर ली जाएगी। इस बीच दुल्हन मेकअप का काम कर लेगी।

तय कार्यक्रम के मुताबिक दुल्हन मेकअप के लिए सहेलियों के साथ अन्नपूर्णा क्षेत्र स्थित ब्यूटी पार्लर चली गई। दूल्हा भी दोस्तों के साथ सजधज कर घोड़ी चढ़ने को तैयार गया। काफी देर तक दुल्हन नहीं लौटी तो सरगर्मी तेज हुई। सगाई की रस्म हो चुकी थी और दुल्हन खुश थी इसलिए किसी को शक भी नहीं हुआ। दो घंटे बाद भी दुल्हन नहीं लौटी तो शक गहराने लगा। उन लोगों से पूछा जो मेकअप के लिए दुल्हन को लेकर गए थे।

इसके बाद पता चला कि दुल्हन प्रेमी के साथ भाग गई है। दुल्हन के भागने की खबर सुन दूल्हे की पैरों तले से जमीन खिसक गई। कुछ देर सोचने के बाद दूल्हे ने कहा कि मैं किस मुंह से घर जाउंगा। वो नहीं तो किसी और से ही शादी करवा दो। बात नहीं बनी तो वह रात 11.30 बजे एमजी रोड थाने पहुंचा और पुलिस को पूरी घटना बताई। हालांकि पुलिस ने कहा कि लिखित शिकायत करो मगर दूल्हा लिखित आवेदन नहीं दे सका। इस दौरान दुल्हन की मां अन्नपूर्णा थाने पहुंची और बेटी की गुमशुदगी दर्ज करवा दी। उसने बस इतना बताया जिस लड़के के साथ भागी वो तो बेटे जैसा था। घर आता था लेकिन बेटी से बहन जैसा व्यवहार करता था। इतना बड़ा धोखा देगा यह तो उसने सपने भी नहीं सोचा था।

You may have missed