October 12, 2024

Crime news: दो पक्षों में पथराव के बाद आलोट के बाजार में पसरा सन्नाटा, जगह-जगह पुलिस बल तैनात

रतलाम,10जनवरी (इ खबर टुडे)। रतलाम जिले में आलोट के विक्रमगढ़ क्षेत्र में स्थित बाबा रामेदव मंदिर के पास रविवार की रात को किसी बात को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। कुछ ही देर में विवाद इतना बढ़ गया व लोगों ने कुछ दुकानों पर पथराव कर दिया। इससे भगदड़ की स्थिति निर्मित हो गई व बाजारों में सन्नाटा पसर गया। पत्थरबाजी से एक युवक को चोट आई है।.पुलिस मोके पर पहुंची।

जानकारी के अनुसार रात करीब आठ बजे बाद किसी बात को लेकर दो पक्ष आपस में झगड़ लिए। इसे लेकर मौके पर भीड़ जमा हो गई। इसके बाद कुछ लोग दुकानों पर पथराव करने लगे। इसकी खबर नगर में तेजी से फैली और बाजारों में अफरा तफरी की स्थिति निर्मित हो गई। अनेक लोग अपने घरों में चले गए, वहीं कुछ लोग सड़कों पर इधर–उधर भागने लगे।

सूचना मिलने पर थाना प्रभारी नीरज सारवान, एसडीओपी प्रियंका डुडवे दल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाइश देकर घर जाने का कहने लगे। ग्राम मुंज निवासी कमलसिंह ने बताया कि वह बाइक से अपने घर जा रहा था। तभी उस पर कुछ लोगों ने पत्थर फेंके। इससे उसे चोट आई है। पुलिस ने जैसे–तैसे नाकाबंदी कर स्थिति को नियंत्रण में किया।

रात करीब 10:30 बजे एक अन्य मोहल्ले में भी कुछ लोगों द्वारा विवाद करने की सूचना आई। इस पर पुलिस दल वहां भी पहुंचा। पुलिस के पहुचने पर लोग वहां से भाग निकले। जिला मुख्यालय से एसपी गौरव तिवारी व अन्य अधिकारी भी आलोट के लिए रवाना हो गए है। विवाद का कारण पता नहीं चला है। पुलिस विवाद करने वालों की तलाश कर रही है।

You may have missed