October 10, 2024

रतलाम/ बरगढ़ – भेसाना बायपास मार्ग में मुआवजा शीघ्र मिलेगा / विधायक डॉ. पाण्डेय के प्रयास से साढ़े 4 करोड़ की राशि विभाग को मिली / लगभग 25 लाख रु से दो ग्रामीण मार्ग स्वीकृत

रतलाम,05अक्टूबर (इ खबर टुडे)। जावरा विधानसभा क्षेत्र में सडक मार्गो को उत्कृष्ट बनाने और ग्रामीण क्षेत्र में कनेक्टिविटी प्रदान करने के लिए विधायक डॉ. राजेन्द्र पाण्डेय द्वारा निरंतर प्रयास किये जा रहे है। बरगढ़-भेसाना बायपास मार्ग निर्माण की बाधा अब दूर हो गई है। मार्ग में भू अर्जन की राशि का आवंटन विभाग को प्राप्त हो गया है।

उल्लेखनीय है कि विधायक डॉ. पाण्डेय ने बीते वर्षो में जावरा नगर चौपाटी क्षेत्र से गुजर रहे फोरलेन हाईवे सडक मार्ग में ब्लेक स्पाट पर निरंतर हो रही दुर्घटनाओ पर अंकुश लगाने और यातायात के दबाव को कम करने के उद्देश्य से बरगढ़ फंटा से भेसाना फंटा तक लगभग 18 किमी बायपास मार्ग निर्माण की स्वीकृति दिलाई थी जिसका प्रारम्भिक कार्य भी प्रारम्भ किया गया था, किन्तु मार्ग निर्माण में आने वाली निजी भूमि के भू अर्जन मुआवजा की राशि 4 करोड़ 42 लाख 21 हजार रु विभाग को प्राप्त नहीं होने से कार्य रुका हुआ था।

डॉ. पाण्डेय ने इस संबंध में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, लोक निर्माण मंत्री गोपाल भार्गव व वरिष्ठ अधिकारियों से चर्चा कर अवगत कराया जिसके फलस्वरूप गत दिनों उक्त आवटन लोक निर्माण विभाग को प्राप्त हो गया है। विभाग ने यह राशि राजस्व विभाग को जमा करा दी है। आगामी दिनों में मुआवजा राशि प्रभावितों के खाते में जमा भी हो जायेगी। इसी के साथ ही लगभग 39 करोड़ 77 लाख रु की लागत से निर्मित होने वाले इस बायपास सडक निर्माण कार्य शीघ्र चलेगा।

डॉ. पाण्डेय ने ग्रामीण कनेक्टिविटी से छूटे हुए ग्रामो में मार्ग निर्माण के प्रस्ताव शासन को भेजे थे,जिसमे से लगभग 25 लाख 31 हजार रु की लागत से दो मार्गो की स्वीकृति मिली है जिसके अंतर्गत ग्रामीण विकास विभाग ने पिपलोदा विकासखंड के जावरा पिपलोदा- आक्या रोड से ग्राम श्यामपुरा मार्ग तथा शक्करखेडी -बिलन्दपुर रोड से ग्राम झांझाखेडी मार्ग निर्माण की स्वीकृति प्रदान की है। इन मार्गो की स्वीकृति से ग्रामीणों में हर्ष है।

You may have missed