October 11, 2024

Health facilities : सिटी स्केन व फिजियोथेरेपी यूनिट होगी शुरू, विधायक डॉ. पांडेय ने स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की बात रखी

रतलाम,14 सितंबर (इ खबर टुडे)। सिविल हॉस्पिटल जावरा में सिटी स्केन व फिजियोथेरेपी यूनिट स्थापित करने की कार्यवाही चल रही है,पिपलौदा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को 50 बिस्तर का सिविल हॉस्पिटल में उन्नयन की कार्यवाही प्रचलन में है।

उक्त आशय की जानकारी लोक स्वास्थ्य व परिवार कल्याण मंत्री डॉ. प्रभुराम चौधरी ने जावरा विधायक डॉ. राजेन्द्र पांडेय के प्रश्न पर दी। डॉ. चौधरी ने आगे बताया कि जावरा विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर प्रयास किये जा रहे है। सिविल हॉस्पिटल जावरा में सिटी स्केन एवं फिजियोथेरेपी यूनिट स्थापित किये जाने की कार्यवाही की जा रही है। आगामी दिनों में दोनों सुविधा प्रारंभ हो सकेगी। इसके साथ ही पिपलौदा में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को उन्नयन कर 50 बिस्तरीय सिविल हॉस्पिटल की भी कार्यवाही की जा रही है।

क्षेत्र में बीते समय स्वीकृत लगभग 5 करोड़ 73 लाख रु की लागत से 30 बिस्तरीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रिंगनोद के भवन का कार्य भी चल रहा है तथा जावरा नगर स्थित पुराना अस्पताल को क्षतिग्रस्त करने की कार्यवाही की जाकर नवीन शहरी स्वास्थ्य केंद्र प्रारम्भ किया जाएगा। इसी के साथ 6 करोड 44 लाख रु की लागत से स्वीकृत 13 उप स्वास्थ्य केंद्रों के भवनों के कार्य भी शीघ्र प्रारंभ हो रहे है जिसमे हनुमंतिया का कार्य प्रगति पर है। सुजापुर, उम्मेदपुरा, चिपिया, हसनपालिया, आंबा, माऊखेड़ी, झालवा, बहादुरपुर, बिनोली, मोरिया, मीनाखेड़ा व रोला का कार्य भी जल्द ही प्रारंभ होने जा रहा है। जावरा व पिपलौदा चिकित्सालय में रिक्त विशेषज्ञों के पदों की पूर्ति की भी कार्यवाही की जा रही है।

विधायक डॉ. पांडेय के अन्य प्रश्न पर सूक्ष्म व लघु उद्योग मंत्री ओमप्रकाश सकलेचा ने जानकारी देते हुए बताया कि रतलाम जिले में रतलाम, जावरा व सैलाना औद्योगिक क्षेत्र अंतर्गत 146 हेक्टेयर भूमि पर औद्योगिक इकाईयां स्थापित है। जिले में 253 औद्योगिक ईकाईयो में से 40 ईकाई जावरा व 7 ईकाई सैलाना में स्थापित है जिनमे से जिले में 13 उद्योग बंद हो गए है एवं 14 उद्योगों की स्थापना का कार्य चल रहा है।

डॉ. पांडेय ने पिपलौदा विकासखंड में जल स्तर में वृद्धि किये जाने हेतु बनाये गए पायलेट प्रोजेक्ट के प्रश्न पर मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने जानकारी देते हुए बताया कि पिपलौदा विकासखंड में पेयजल सुरक्षा हेतु बनाये गए पायलेट प्रोजेक्ट में 52 ग्राम पंचायतों में विभिन्न विभागों द्वारा 98 करोड़ 15 लाख रु की कार्ययोजना बनाई गयी थी जिसमे से सर्वेक्षण कार्य के लिए दो करोड़ रु. व्यय किये गए। इसके अलावा लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग ने 34 करोड़ रु की कार्ययोजना भी बनाई है,जिस पर कार्य निरंतर चल रहा है। पर्यटन क्षेत्र विकास के संबंध में डॉ. पांडेय द्वारा किये गए प्रश्न पर पर्यटन मंत्री उषा ठाकुर ने बताया कि जावरा विधानसभा क्षेत्र के मनकामनेश्वर मिंडाजी त्रिवेणी स्थल, पहाड़ी स्थल नंदावता एवं पहाड़ी पर्यटन स्थल सुजापुर पर जनसुविधा उपलब्ध कराने के लिए प्रशासनिक कार्यवाही प्रचलन में है।

You may have missed