October 11, 2024

Election Result : नगर निगम चुनावों में भाजपा ने बनाई बढ़त,इंदौर,भोपाल और उज्जैन में आगे,जबलपुर में कांग्रेस आगे नगर पालिकाओं में भी भाजपा का वर्चस्व

भोपाल ,17जुलाई(इ खबर टुडे)। प्रदेश में 133 नगरीय निकायों के चुनाव परिणामों के नतीजे सामने आने लगे हैं। 11 नगर निगमों में से सात पर भाजपा तीन में कांग्रेस और सिंगरौली में आम आदमी पार्टी ने बढ़त बना ली है। नगर पालिका और नगर परिषदों में भी भाजपा ही आगे नज़र आ रही है।

प्रदेश के इंदौर,भोपाल,उज्जैन और खंडवा नगर निगम में शुरुआती बढ़त भाजपा को मिल रही है। खंडवा में भाजपा की महापौर प्रत्याशी अमृता यादव आगे निकल गई है। वहीं, सतना में महापौर के तीसरे राउंड के बाद भाजपा के योगेश ताम्रकार को 30178 वोट मिले हैं, जबकि कांग्रेस के सिद्धार्थ कुशवाहा को 18451 वोट और बीएसपी के सईद अहमद को 12619 वोट मिले हैं। इस तरह भाजपा की बढ़त 11 हजार 727 वोट की हो गई है। उज्जैन में मुकाबला दिलचस्प हो गया है।

राजगढ़ में भाजपा को बड़ी जीत

राजगढ़ नगर पालिका में 15 सीटों में से 12 पर भाजपा और तीन पर कांग्रेस की जीत हुई है। वार्ड क्रमांक 1 से भाजपा की रुक्मणि ओपी शर्मा, वार्ड क्रमांक 2 से भाजपा के विनोद साहू, वार्ड क्रमांक तीन से कांग्रेस के कमाल खान, वार्ड क्रमांक चार से भाजपा की सरोज राजेन्द्र कटारिया, वार्ड क्रमांक पांच से भाजपा की अम्बे प्रवीण मिश्रा, वार्ड क्रमांक छह से कांग्रेस की बेबी विजयपाल भाटी, वार्ड क्रमांक सात से भाजपा की भावना नवनीत शर्मा, वार्ड क्रमांक आठ से भाजपा की प्रकाश केपी पंवार, वार्ड क्रमांक नौ से भाजपा के संजय गुप्ता, वार्ड क्रमांक दस से भाजपा की शीला दीपेंद्र चौहान, वार्ड क्रमांक 11 से भाजपा की पूजा सचिन मौर्य, वार्ड क्रमांक 12 से भाजपा के मनोज हाड़ा, वार्ड क्रमांक 13 से भाजपा की मंजू पांचू दांगी, वार्ड क्रमांक 14 से कांग्रेस के मोहित तंवर और वार्ड क्रमांक 15 से भाजपा के राजेश खरे ने जीत हासिल की है।

सिंगरौली में अरविंद केजरीवाल की रैली का असर दिख रहा है। आम आदमी पार्टी की प्रत्याशी रानी अग्रवाल आगे चल रही है। भाजपा के चंद्र प्रताप विश्वकर्मा दूसरे और कांग्रेस केअरविंद सिंह चंदेल तीसरे नंबर पर है। 45 में से 15 वार्डों में आम आदमी पार्टी के पार्षद प्रत्याशी आगे चल रहे हैं।

अन्य जगहों की बात करें तो उज्जैन में भाजपा के मुकेश टटवाल आगे निकल गए हैं। इसी तरह छिंदवाड़ा में भी भाजपा के अनंत धुर्वे ने बढ़त हासिल कर ली है। अब कांग्रेस सिर्फ ग्वालियर (शोभा सिकरवार), जबलपुर (जगत बहादुर) और बुरहानपुर (शहनाज इस्माइल अंसारी) आगे है। सागर में भाजपा की संगीता तिवारी, भोपाल में मालती राय, इंदौर में पुष्यमित्र भार्गव, सतना में योगेश ताम्रकार आगे चल रहे हैं।

शाजापुर में बन सकता है भाजपा का अध्यक्ष

शाजापुर नगर पालिका के 29 वार्डों के रुझान एवं रिजल्ट को देखते हुए जनता ने कांग्रेस को नकार दिया है। वार्ड क्रमांक 4,11,14,16, 20, 23, 24, 28, 29 में भाजपा जीत चुकी है वही कई वार्डो में आगे चल रही है। पहली बार वार्ड नंबर 27 को जीतकर आम आदमी पार्टी ने खाता खोला है। वार्ड नंबर 8,15,18 में कांग्रेस ने जीत हासिल की, जबकि छह, 10 एवं 17 वार्ड से आगे चल रही है।

सीहोर में भाजपा का कब्जा

सीहोर नगर पालिका के कुल 35 वार्ड में से 24 पर भाजपा ने जीत हासिल कर ली है या आगे है। इसी तरह कांग्रेस आठ पर जीत चुकी है या आगे है। अन्य दो वार्डों पर निर्दलीय आगे हैं।

मंदसौर में भाजपा

मंदसौर नगर पालिका की 40 में से 29 सीटों पर भाजपा, आठ पर कांग्रेस और तीन निर्दलीय चुनाव जीत गए हैं। इस तरह भाजपा ने नगर पालिका पर कब्जा मजबूत कर लिया है।

You may have missed