May 3, 2024

दिल्ली में भारत जोड़ो यात्रा : 108 वे दिन तीन हजार किमी चलकर राजधानी पहुंचे राहुल गाँधी , सोनिया-प्रियंका भी साथ

नई दिल्ली,24 दिसम्बर(इ खबर टुडे )। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा अपनी शुरुआत के 108 वे दिन शनिवार को दिल्ली पहुंच गई है। कन्याकुमारी से चलकर राहुल ने पिछले 107 दिन में तीन हजार किलोमीटर की दूरी तय की है। दिल्ली में सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी भी राहुल की यात्रा में शामिल हो गई हैं। यहां राहुल ने कहा- मैंने आरएसएस और बीजेपी के लोगों से कहा है कि हम आपके नफरत के बाजार में प्यार की दुकान खोलने आए हैं।

राहुल की यात्रा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बड़ी भीड़ पहुंची है। इस वजह से दिल्ली पुलिस ने दो दर्जन से ज्यादा जगह ट्रैफिक डायवर्ट किया है। वहीं, बदरपुर बॉर्डर से लाल किले तक हैवी ट्रैफिक रहने की संभावना जताई है। दिल्ली कांग्रेस के मुताबिक, यात्रा शनिवार को 23 किमी का सफर तय करके शाम साढ़े चार बजे लाल किले पर समाप्त होगी। इसके बाद यात्रा में 9 दिन का ब्रेक रहेगा।

दिल्ली पहुंचकर राहुल गांधी ने दिए तीन बड़े बयान…

-बीजेपी नफरत फैलाती हैं, हम प्यार फैलाते हैं। हम सभी भारतीयों को गले लगाते हैं। हर भारतीय को देश में प्यार फैलाने के लिए एक छोटी सी दुकान खोलनी चाहिए।
-भारत जोड़ो यात्रा में कहीं नफरत नहीं है। इस यात्रा में कोई गिरता है तो सब लोग उसको उठा देते हैं। मदद करते हैं सभी, यही सच्चा हिंदुस्तान है।
-आप किसी से भी पूछिए कि क्या इस यात्रा में किसी से धर्म पूछा गया? अमीर और गरीब का अंतर किया गया? तो जवाब मिलेगा- नहीं। इस यात्रा में सिर्फ मोहब्बत है।

2 जनवरी तक विराम पर होगी यात्रा, अगला पड़ाव उत्तर प्रदेश

भारत जोड़ो यात्रा शनिवार रात से 9 दिन के रेस्ट पर रहेगी। 3 जनवरी को गाजियाबाद के लोनी बॉर्डर से उत्तर प्रदेश में यात्रा की एंट्री होगी। 4 जनवरी को बागपत, 5 जनवरी को शामली और 6 जनवरी को कैराना से होकर राहुल की यात्रा दूसरे चरण में हरियाणा के सोनीपत में एंट्री करेगी। हरियाणा के बाद यात्रा पंजाब होते हुए जम्मू-कश्मीर के लिए रवाना होगी।

भारत जोड़ो यात्रा का अब तक का सफर

कन्याकुमारी से 7 सितंबर को शुरू हुई यात्रा ने अब तक 9 राज्यों का सफर तय किया है। इनमें तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, राजस्थान और हरियाणा शामिल हैं। इस दौरान इन राज्यों के 46 जिलों को कवर किया गया है।

अब तक राहुल और उनके सहयोगी करीब तीन हजार किमी की यात्रा पूरी कर चुके हैं। तय कार्यक्रम के मुताबिक, कुल 150 दिन में भारत जोड़ो यात्रा को 12 राज्यों में 3 हजार 570 किमी की दूरी पैदल तय करना है। यात्रा पूरी करने के लिए राहुल को अब सिर्फ 570 किमी का सफर तय करना है। वे इस दौरान तीन राज्यों उत्तर प्रदेश, पंजाब और जम्मू-कश्मीर से गुजरेंगे।

You may have missed

Here can be your custom HTML or Shortcode

This will close in 20 seconds