October 10, 2024

PESA Act : पेसा एक्ट लागू होने पर जनजातीय क्षेत्र में हर्ष का वातावरण, कार्यशाला में मौजूद जनजाति व्यक्तियों ने धन्यवाद प्रस्ताव पारित कर मुख्यमंत्री श्री चौहान का जताया आभार

रतलाम,23 नवंबर (इ खबरटुडे)। राज्य शासन द्वारा पेसा एक्ट लागू किए जाने के पश्चात रतलाम जिले के जनजाति क्षेत्रों में भी हर्ष का वातावरण है। एक्ट को लेकर एक कार्यशाला बुधवार को सैलाना विकासखंड के शिवगढ़ में आयोजित की गई जहां मौजूद जनजातीय व्यक्तियों ने एक्ट लागू करने पर अपने दोनों हाथ उठाकर धन्यवाद प्रस्ताव पारित कर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का आभार व्यक्त किया, उनको हृदय से धन्यवाद दिया।

कार्यशाला में पेसा एक्ट की विशेषताओं तथा प्रावधान की जानकारी कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी, पुलिस अधीक्षक श्री अभिषेक तिवारी तथा मास्टर ट्रेनर द्वारा दी गई। जिला पंचायत उपाध्यक्ष केसुराम निनामा, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती जमुना भिड़े, जनपद पंचायत सैलाना के अध्यक्ष श्रीमती कैलाशीबाई चारेल, जनपद पंचायत बाजना अध्यक्ष कैलाश मुनिया, जनपद पंचायत बाजना की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री अल्फिया खान, सैलाना के गोवर्धन मालवीय, प्रभारी सहायक आयुक्त श्रीमती पारुल जैन, सुश्री किरण पाटीदार, जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक रत्नेश विजयवर्गीय तथा बड़ी संख्या में सैलाना, बाजना क्षेत्र के पंच, सरपंच तथा जनजाति व्यक्ति उपस्थित थे।

कार्यशाला के प्रारंभ में मास्टर ट्रेनर द्वारा पेसा एक्ट की विस्तृत जानकारी उपस्थित जनसमुदाय को दी गई जिसे सुनकर जनसमुदाय ने हर्ष व्यक्त किया और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को दिल से धन्यवाद दिया।

इस अवसर पर कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी ने बताया कि पेसा एक्ट अत्यंत महत्वपूर्ण है जो जनजातीय व्यक्तियों के विकास को और बेहतर दिशा में ले जाएगा। राज्य शासन ने एक्ट लागू करके ग्राम सभाओं को अत्यंत सशक्त बना दिया है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की मंशा है कि प्रदेश के जनजातीय क्षेत्रों का समग्र उत्थान हो, चहुंओर विकास हो। स्थानीय जनता को पूरे अधिकार दे दिए गए हैं कि ग्राम सभा के माध्यम से अपने हित में सशक्त निर्णय ले सकते हैं। कलेक्टर ने आह्वान किया कि पेसा एक्ट का अधिकाधिक प्रचार-प्रसार अपनी स्थानीय भाषा एवं बोली में करें। एक्ट के माध्यम से आपके क्षेत्र में जल, जंगल, जमीन और स्थानीय संस्कृति को सुरक्षा दी गई है। इस एक्ट को लागू करने के लिए हम मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को धन्यवाद देते हैं।

पुलिस अधीक्षक अभिषेक तिवारी ने पेसा एक्ट की खूबियों विशेषताओं के प्रचार प्रसार के लिए अधिकाधिकरूप से स्थानीय बोली में प्रचार-प्रसार का आह्वान उपस्थितजनों से किया। उन्होंने ग्राम सभा की भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा कि पेसा एक्ट लागू करके राज्य शासन ने ग्राम सभाओं को सर्वाधिक सशक्त बना दिया है। गांव का प्रत्येक वोटर ग्रामसभा का सदस्य हो सकता है। ग्राम सभाओं में महिलाओं की भी पर्याप्त हिस्सेदारी सुनिश्चित की गई है। पुलिस अधीक्षक ने आह्वान किया कि ग्रामीणजन अपने गांव को आदर्श ग्राम बनाएं, पुरजोर प्रयास करें कि गांव में कोई अपराध नहीं हो, अपने गांव के विकास को गति दे।

इस अवसर पर उपस्थित जिला पंचायत उपाध्यक्ष केसुराम निनामा ने पेसा एक्ट को जनजातीय व्यक्तियों के सर्वांगीण उत्थान की दिशा में महत्वपूर्ण बताते हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को धन्यवाद दिया, उनका आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में उपस्थित श्री श्याम धाकड, बाजना जनपद पंचायत अध्यक्ष श्री कैलाश मुनिया, सैलाना जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती कैलाशी चारेल, कांगसी ग्राम पंचायत सरपंच श्री समरथ भाबर ने भी अपने उद्बोधन में पेसा एक्ट को जनजातीय उत्थान की दिशा में राज्य शासन का महत्वपूर्ण कदम बताते हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को धन्यवाद दिया तथा एक्ट का अधिकाधिक प्रचार-प्रसार करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती जमुना भिडे द्वारा उपस्थितजनों को नशे के विरुद्ध शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम के प्रारंभ में अतिथियों द्वारा मां सरस्वती, महात्मा गांधी तथा टंट्या मामा के चित्र पर माल्यार्पण किया गया। कलेक्टर श्री सूर्यवंशी, पुलिस अधीक्षक श्री तिवारी द्वारा उपस्थित जनजातीय जनप्रतिनिधियों का पुष्पमालाओं से स्वागत किया गया।

You may have missed