April 29, 2024

Removal : आरडीए अध्यक्ष अशोक पोरवाल समेत प्रदेश के सभी दर्जा प्राप्त मंत्री हटाए जायेंगे ; निगम, मंडल और प्राधिकरणों की राजनीतिक नियुक्तियां निरस्त होगी

भोपाल/ रतलाम,13 फरवरी (इ खबरटुडे)। रतलाम विकास प्राधिकरण के केबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त अशोक पोरवाल समेत प्रदेश के सभी दर्जा प्राप्त मंत्रियो को हटाया जायेगा। मोहन यादव सरकार में निगम, मंडल और प्राधिकरणों में राजनीतिक नियुक्तियों को निरस्त करने का सैद्धांतिक निर्णय लिया गया है। प्रदेश में विभिन्न निगम मंडलो के कुल 46 नेताओ की नियुक्तियां निरस्त की जाएगी।

नगरीय विकास एवं आवास विभाग ने भोपाल, इंदौर, उज्जैन, देवास सहित अन्य विकास प्राधिकरणों में नियुक्त किए गए अशासकीय सदस्यों की नियुक्ति निरस्त करने की तैयारी कर ली है। उल्लेखनीय है कि नवदुनिया ने आठ जनवरी को निगम-मंडलों में नियुक्त नेताओं के भविष्य पर तलवार लटकने संबंधी खबर प्रकाशित की थी।

मोहन सरकार के गठन के बाद से शिवराज सरकार के समय निगम, मंडल और प्राधिकरणों में हुई राजनीतिक नियुक्तियों को निरस्त करने की बात चल रही थी। सामान्यत: जब भी नई सरकार बनती है तो पिछली सरकार की राजनीतिक नियुक्तियों को निरस्त कर नए सिरे से जमावट करती है।

छत्तीसगढ़ और राजस्थान में एक आदेश से ऐसी सभी नियुक्तियां निरस्त की जा चुकी हैं लेकिन वहां परिस्थिति अलग है। दोनों राज्यों में कांग्रेस की सरकार थी और उनके द्वारा ही नियुक्तियां की गई थीं। मध्य प्रदेश में भाजपा की शिवराज सरकार ने नियुक्तियां की थीं।

सूत्रों का कहना है कि पार्टी संगठन से विचार-विमर्श करने के बाद सभी निगम, मंडल और प्राधिकरणों की राजनीतिक नियुक्तियों को निरस्त करने का निर्णय कर संबंधित विभागों को आगामी कार्रवाई करने के लिए निर्देशित कर दिया गया है। तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार विभाग ने मंगलवार को इसकी शुरुआत भी कर दी।

You may have missed

Here can be your custom HTML or Shortcode

This will close in 20 seconds